सिंदारोव ने कैंडिडेट्स में बढ़त बनाई, प्रज्ञाननंदा ने ड्रॉ से बनाए अंक
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट के चौथे दौर में जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम के साथ ड्रॉ खेलकर अपनी स्थिति को स्थिर रखा, उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने अमेरिका के फैबियानो कारुआना को मात देकर एकल बढ़त हासिल कर ली।
पिछले साल के विश्व कप विजेता सिंदारोव ने बुधवार को चार मैचों में तीसरी जीत दर्ज की, जिससे उनके कुल अंक 3.5 हो गए। इस प्रदर्शन ने उन्हें इस साल के अंत में मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश के साथ खिताबी मुकाबले के लिए एक प्रमुख दावेदार बना दिया।
प्रज्ञाननंदा ने पिछले दौर में सिंदारोव से हार का सामना करने के बाद ब्लूबाउम के खिलाफ काले मोहरों से ड्रॉ खेला, जिससे उनके अंकतालिका में दो अंकों की स्थिति बनी रही। अभी जबकि 10 दौर बाकी हैं, सिंदारोव के ठीक पीछे कारुआना 2.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। प्रज्ञाननंदा, ब्लूबाउम और नीदरलैंड के अनीश गिरी दो अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं।

दिन के अन्य मुकाबलों में, गिरी ने रूसी खिलाड़ी एंड्री एसेपेंको को हराया, जबकि चीन के वेई यी ने अमेरिकी स्टार हिकारू नाकामुरा के साथ ड्रॉ खेला। महिला वर्ग में, भारतीय खिलाड़ियों ने मिश्रित परिणाम दर्ज किए। दिव्या देशमुख को चीन की जिनेर झू के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जबकि आर वैशाली ने रूस की एलेक्जेंड्रा गोरियाचकिना के साथ ड्रॉ खेला।
कोनेरू हम्पी के नाम वापस लेने के बाद अंतिम समय में प्रतियोगिता में शामिल हुई यूक्रेन की अन्ना मुजीचुक ने रूस की कटेरीना लागनो को पीछे छोड़ते हुए कजाकिस्तान की बिबिसारा अस्सौबायेव के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
मुजीचुक और अस्सौबायेवा 2.5-2.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं। इसके बाद वैशाली, गोरियाचकिना, झू और लागनो दो-दो अंकों के साथ हैं, जबकि झोंगयी और दिव्या 1.5 अंकों के साथ उनसे ज्यादा पीछे नहीं हैं।



