Trending

भारत का टी20 में जलवा : आईसीसी रैंकिंग में अभिषेक-ईशान की बादशाहत

आईसीसी की ताज़ा टी20 रैंकिंग ने एक बार फिर भारतीय खिलाड़ियों के दबदबे को उजागर किया है, जहां युवा और आक्रामक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन शीर्ष दो स्थानों पर मजबूती से काबिज हैं। अभिषेक 875 अंकों के साथ नंबर एक पर बने हुए हैं, जबकि ईशान 871 अंकों के साथ उनके बेहद करीब दूसरे स्थान पर हैं।

भारतीय बल्लेबाजी लाइनअप की गहराई का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि तिलक वर्मा छठे और टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें स्थान पर हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोस बटलर आठवें और टिम सीफर्ट नौवें स्थान पर मौजूद हैं।

इस रैंकिंग का सबसे बड़ा सरप्राइज दक्षिण अफ्रीका के युवा बल्लेबाज कोनोर एस्टरहुइजेन रहे हैं, जिन्होंने लंबी छलांग लगाते हुए टॉप 100 के बाहर से सीधे 39वें स्थान पर जगह बना ली है। 24 वर्षीय इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेले गए टी20 सीरीज में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करते हुए जबरदस्त प्रभाव छोड़ा। पूरे सीरीज में उन्होंने 200 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया।

© AFP

गेंदबाजी रैंकिंग में अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान शीर्ष पर कायम हैं। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती दूसरे और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर मजबूती से टिके हुए हैं।

हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा नंबर एक पर बने हुए हैं, जबकि भारत के हार्दिक पांड्या दूसरे स्थान पर हैं।

भारतीय टीम के हालिया प्रदर्शन ने इस रैंकिंग को और खास बना दिया है। टीम ने तीसरी बार विश्व चैंपियन बनते हुए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। इस टूर्नामेंट में संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता।

Related Articles

Back to top button