Trending

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिले क्रिकेट दिग्गज रवि शास्त्री, ‘इंडियाज 71-ईयर टेस्ट’ किताब भेंट की

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को अपने आधिकारिक आवास पर भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और कोच रवि शास्त्री से भेंट की। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की।

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स अकाउंट पर शास्त्री के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “आज मुंबई में अपने आधिकारिक घर पर अनुभवी क्रिकेटर और इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री से मिलकर बहुत खुशी हुई। खास तोहफे के लिए शुक्रगुजार हूं।”

इस मुलाकात के दौरान रवि शास्त्री ने मुख्यमंत्री को ‘इंडियाज 71-ईयर टेस्ट: द जर्नी टू ट्रायम्फ इन ऑस्ट्रेलिया’ किताब भेंट की। यह किताब आर कौशिक द्वारा लिखी गई है और भारतीय क्रिकेट के सफर का एक महत्वपूर्ण और प्रेरक अध्याय प्रस्तुत करती है। मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में इस उपहार का भी विशेष उल्लेख किया।

@Dev_Fadnavis

मुंबई के रहने वाले रवि शास्त्री भारतीय क्रिकेट के उन दिग्गज ऑलराउंडरों में शामिल हैं जिन्होंने टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। शास्त्री ने 1981 से 1992 तक भारतीय टीम के लिए 80 टेस्ट और 150 वनडे मैच खेले। टेस्ट मैचों में उन्होंने 11 शतक और 12 अर्धशतक लगाकर कुल 3,830 रन बनाए और 151 विकेट लिए।

वहीं वनडे में उनके नाम 4 शतक, 18 अर्धशतक, 3,108 रन और 129 विकेट दर्ज हैं। शास्त्री 1983 में विश्व कप विजेता भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद शास्त्री कमेंट्री में सक्रिय हुए और अंग्रेजी कमेंट्री में वे भारत के सबसे लोकप्रिय चेहरों में शामिल हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में भी अपनी सफलता दिखाई। विराट कोहली की कप्तानी में शास्त्री भारतीय टीम के कोच रहे (2017 से 2021 तक), जब टीम टेस्ट क्रिकेट में अपराजेय रही और आईसीसी रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज रही। भारत ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया में भी ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दर्ज की।

Related Articles

Back to top button