Trending

आईपीएल 2026 के बीच मुंबई में ब्रिटिश ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बीसीसीआई के साथ ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के रूप में काम कर रहे एक ब्रिटिश नागरिक की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, इयान 24 मार्च से मुंबई के ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे और आईपीएल मैचों के प्रसारण से जुड़े कार्य में लगे थे। 29 मार्च को मैच खत्म होने के बाद वह अपने कमरे में लौटे थे। अगले दिन, 30 मार्च को होटल रिसेप्शन द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद होटल स्टाफ ने मास्टर की मदद से कमरे में प्रवेश किया, जहां इयान फर्श पर पड़े मिले। तुरंत होटल के डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल, मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

साभार : सोशल मीडिया

29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला गया था, जिसमें मुंबई इंडियंस ने शानदार जीत दर्ज की। यह इस सीजन का वानखेड़े स्टेडियम पर पहला मैच था, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। पुलिस मामले की जांच सभी पहलुओं से कर रही है, ताकि मौत के असली कारण का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button