Trending

रिकॉर्ड चेज के साथ मुंबई की वापसी, जयवर्धने ने सूर्या पर दी सफाई

पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपने अभियान का विजयी आगाज किया है। एमआई ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन के अर्धशतकों के दम पर 6 विकेट से जीत दर्ज की।

मुंबई ने 221 रनों का रिकॉर्ड टारगेट चेज किया। मुंबई ने 14 साल में पहली बार आईपीएल सीजन के अपने पहले मैच में जीत दर्ज की। हालांकि, शानदार जीत के बावजूद सूर्यकुमार यादव का इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरना चर्चा का विषय रहा।

पिछले सीजन के उलट एमआई मैनेजमेंट ने रोहित को इम्पैक्ट सबस्टिट्यूट के तौर पर खिलाने से परहेज किया। सूर्या एमआई की बॉलिंग के दौरान बेंच पर बैठे रहे। मुंबई के हेड कोच महेला जयवर्धने ने ऐसा करने का कारण बताया है।

साभार : गूगल

उन्होंने कहा कि मामूली चोट के कारण सूर्या को इम्पैक्ट प्लेयर बनाया गया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता कप्तान सूर्या तीसरे नंबर पर उतरे ने 8 गेंदों में तीन चौकों के जरिए 16 रन बनाए।

दरअसल, जयवर्धने से प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछा गया कि रोहित के बाद क्या अब सूर्यकुमार को ‘इंपैक्ट सब’ के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा? हेड कोच ने जवाब में कहा, ”मुझे उम्मीद है कि फालतू कहानियां नहीं बनाई जाएंगी। टीम बहुत खुश है। सूर्या आया और हमारे साथ जुड़ गया।

उसे अतिरिक्त ब्रेक दिया गया, जो वह चाहता था। उसे मामूली से जकड़न है और वह फील्डिंग वगैरह कर रहा था। मुझे पता है कि अगले मैच में 5 दिन हैं। मैं बस उसे थोड़ा एक्स्ट्रा टाइम देना चाहता था। वह आखिर में 3-4 ओवर फील्डिंग करने के लिए तैयार था लेकिन मैंने मना कर दिया।”

मुंबई को अपना दूसरा मैच चार अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध खेलना है। हेड कोच ने आगे कहा, ”और कोई बात नहीं है। यह एक बदलाव था। प्लीज कहानियां मत बनाइए। यह बस एहतियात के तौर पर किया गया था। ये बहुत कीमती खिलाड़ी हैं। मैंने और टीम मैनेजमेंट ने सोच-समझकर फैसला लिया है। इससे ज्यादा कुछ नहीं है।”

केकेआर मैच की बात करें तो रोहित ने 43 गेंदों में चार चौके और आठ छक्के की मदद से 78 रन बटोरे। रिकलटन ने 38 गेंदों में छह चौके और छह छक्कों के जरिए 81 रन जुटाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी की।

मुंबई ने 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाकर जीत हासिल की और टूर्नामेंट के 13 सत्र से चले आ रहे पहले मैच में हार के सिलसिले को खत्म किया। मुंबई हमेशा आईपीएल में धीमी शुरुआत करने वाली टीम रही है।

टीम ने आईपीएल में आखिरी बार अपना पहला मैच अप्रैल 2012 में जीता था जिसमें उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को आठ विकेट से हराया था। टीम ने 2013 से लेकर 2020 के बीच पांच बार खिताब जीता लेकिन पहले मैच में हार का सिलसिला जारी रहा। केकेआर ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन का स्कोर खड़ा किया।

Related Articles

Back to top button