इकाना स्टेडियम में मैच देखने से पहले जान लें नियम, टिकट से लेकर एंट्री तक सख्ती
क्रिकेट मैचों के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जारी की गई गाइडलाइन
लखनऊ: इकाना स्टेडियम में होने वाले क्रिकेट मैचों के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजक एवं बीसीसीआई ने स्टेडियम में प्रवेश से संबंधित विस्तृत नियम एवं शर्तें जारी की हैं। इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य दर्शकों को सुरक्षित, अनुशासित और सुखद अनुभव प्रदान करना है।
जारी निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक टिकट धारक को स्टेडियम में प्रवेश के समय अपना वैध टिकट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। प्रवेश द्वार मैच शुरू होने से लगभग तीन घंटे पूर्व खोले जाएंगे या फिर आयोजक द्वारा निर्धारित समय के अनुसार संचालित होंगे।
यदि टिकट, स्कैनिंग मशीन द्वारा पढ़ने योग्य नहीं है या उसके बारकोड से छेड़छाड़ की गई है, तो ऐसे मामलों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। टिकट केवल एक व्यक्ति के लिए मान्य होगा और पुनः प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों को टिकट को स्टेडियम में हर समय अपने पास सुरक्षित रखना होगा और आयोजक या सुरक्षाकर्मियों द्वारा मांगे जाने पर प्रस्तुत करना होगा।

स्टेडियम में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तुओं को लाने पर सख्त रोक रहेगी। इनमें बोतल, सिक्के, हेडफोन/ईयरबड, कप, ग्लास, लाइटर, टिन या कैन, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, पोर्टेबल स्पीकर, ज्वलनशील या खतरनाक पदार्थ, आतिशबाजी सामग्री, हथियार, हेलमेट, बैग, लैपटॉप, टैबलेट, पावर बैंक आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, ऐसी कोई भी वस्तु जो अन्य दर्शकों के लिए खतरा या असुविधा उत्पन्न कर सकती है, उसे भी प्रतिबंधित किया गया है।
किसी भी प्रकार के व्यावसायिक, राजनीतिक, धार्मिक या आपत्तिजनक संदेश वाले बैनर, झंडे, पोस्टर या अन्य सामग्री को स्टेडियम में लाने की अनुमति नहीं होगी। केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज, बिना किसी व्यावसायिक या प्रचारात्मक संदेश के, ले जाने की अनुमति होगी।
खाद्य पदार्थ और शराब को स्टेडियम के अंदर लाने की अनुमति नहीं होगी। स्टेडियम परिसर में धूम्रपान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। स्टेडियम में किसी तरह की रिकॉर्डिंग, लाइव प्रसारण, डेटा ट्रांसमिशन या व्यावसायिक गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
बिना अनुमति के मैच से संबंधित जानकारी, वीडियो, ऑडियो या सांख्यिकीय डेटा का प्रसारण या साझा करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। किसी प्रकार की अभद्र, आपत्तिजनक, नस्लीय, भेदभावपूर्ण या धमकीपूर्ण भाषा और व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को स्टेडियम से बाहर किया जा सकता है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके अतिरिक्त, मैदान में प्रवेश करना या किसी प्रकार की वस्तु फेंकना वर्जित है।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि मैच के समय, तिथि या स्थान में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है। यदि किसी कारणवश मैच रद्द हो जाता है या एक भी गेंद नहीं डाली जाती है, तो ही टिकट राशि (प्रशासनिक शुल्क काटकर) वापस की जाएगी। अन्य किसी परिस्थिति में रिफंड प्रदान नहीं किया जाएगा।
मैच के दौरान होने वाले किसी भी प्रकार के अप्रत्यक्ष, आकस्मिक, विशेष या परिणामी नुकसान के लिए बीसीसीआई या आयोजक किसी भी स्थिति में जिम्मेदार नहीं होंगे। स्टेडियम में कहीं भी छोड़ी गई किसी भी व्यक्तिगत वस्तु की पूरी जिम्मेदारी उसके मालिक की होगी। इस संबंध में टिकट धारक किसी भी प्रकार का दावा करने का अधिकार छोड़ता है।साथ ही अपील की है कि दर्शक दिशा-निर्देशों का पालन करें और खेल भावना के साथ मैच का आनंद लें।
दो वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निःशुल्क
स्टेडियम में 2 वर्ष तक के बच्चों का प्रवेश निःशुल्क है। उससे अधिक आयु के बच्चों के लिए अलग टिकट होना अनिवार्य है। 18 वर्ष से कम आयु के सभी व्यक्तियों को एक वयस्क के साथ आना और पूरे समय उसकी निगरानी में रहना आवश्यक होगा, और उस वयस्क के पास भी मैच का वैध टिकट होना चाहिए।


