Trending

पंत की अगुवाई में एलएसजी का खास दिन, 10 हजार बच्चों ने बनाया यादगार पल

लखनऊ : लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने गुरुवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में ‘एलएसजी नेक्स्ट-जेन डे’ का आयोजन किया, जिसमें करीब 10 हजार से अधिक बच्चों ने एलएसजी की जर्सी में आकर अपने पसंदीदा क्रिकेट सितारों को करीब से देखा और उनसे जुड़ने का अवसर प्राप्त किया।

एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने बच्चों व फैन्स को दिया प्रेरणादायी संदेश

दोपहर दो बजे विभिन्न स्कूलों से आए बच्चे बसों के माध्यम से इकाना स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम में प्रवेश करते ही मैच-डे डीजे के लाइव म्यूजिक ने माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। बच्चों के हाथों में बैनर, झंडे और ढोल की थाप के बीच पूरे स्टेडियम में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

खिलाड़ियों के बीच ‘हू हिट्स द मोस्ट सिक्सेस’ प्रतियोगिता ने बढ़ाया रोमांच

शाम करीब 4:30 बजे लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम स्टेडियम पहुंची, जहां स्टैंड्स में मौजूद हजारों बच्चों ने अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। खिलाड़ियों ने स्टैंड्स के चारों ओर घूमकर बच्चों का अभिवादन किया और अपने हस्ताक्षर की हुई टेनिस बॉल्स दर्शकों की ओर उछालकर उन्हें यादगार लम्हा दिया।

इस दौरान एंकरों ने खिलाड़ियों और बच्चों के बीच बातचीत कराकर माहौल को और भी रोचक बना दिया। कई बच्चों ने खिलाड़ियों से प्रश्न भी पूछे। इसके बाद एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें खेल, अनुशासन व मेहनत के महत्व पर प्रेरणादायी संदेश दिया।

कार्यक्रम के अगले चरण में मैदान को खाली कराया गया और खिलाड़ियों के बीच 6 गेंदों की रोमांचक ‘हू हिट्स द मोस्ट सिक्सेस’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में ऋषभ पंत, एडन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, हिम्मत सिंह और अब्दुल समद समेत सभी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी दमदार बल्लेबाजी से बच्चों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का समापन शाम 5:30 बजे हुआ, जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित तरीके से स्टेडियम से रवाना किया गया और टीम ने अपने अभ्यास सत्र की तैयारी शुरू की। कार्यक्रम में लोकप्रिय क्रिकेट इन्फ्लुएंसर तनय तिवारी की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बना दिया।

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, “एलएसजी को सपोर्ट करने के लिए आप सभी को थैंक यू सो मच। इतने सारे बच्चों को स्टेडियम में देखकर हमें बहुत खुशी और ऊर्जा मिलती है। आप सभी लोग क्रिकेट को एंज्वॉय कीजिए और सपोर्ट करते रहिए।”

Related Articles

Back to top button