Trending

ऋषभ पंत के नेतृत्व में लखनऊ सुपर जायंट्स, संजीव गोयनका का ट्रॉफी जीतने पर जोर

यूपी की राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में इस समय लखनऊ सुपर जायंट्स अपनी तैयारी में जुटी है। टीम के खिलाड़ी अपने फॉर्म पर काम कर रहे हैं और इस बार ट्रॉफी जीतने की उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेंगे। टीम में कई अहम बदलाव देखे जा रहे हैं।

तेज गेंदबाजी को और मजबूती देने के लिए मोहम्मद शमी को शामिल किया गया है, वहीं बल्लेबाजी की जिम्मेदारी इस बार पूरी तरह ऋषभ पंत पर होगी।

पिछले कुछ सीजन में पंत का बल्ला कुछ मौकों पर चमका, लेकिन कई बार वह खामोश भी नजर आए। ऐसे में उनके प्रदर्शन पर इस बार पूरी नजर होगी। पिछले सीजन में टीम पर मालिक संजिव गोयनका के दबाव की रणनीति भी देखने को मिली थी। इसके चलते पूर्व कप्तान केएल राहुल को टीम से अलग होना पड़ा और उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया।

साभार : गूगल

अब पंत टीम की कमान संभाल चुके हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन अभी तक उम्मीद के अनुरूप नहीं रहा। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि संजीव गोयनका इस बार क्या रणनीति अपनाते हैं। अगर टीम का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, तो अगले सीजन में बड़े बदलाव संभव हैं।

हाल ही में सोशल मीडिया पर संजीव गोयनका का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टीम की सफलता का मूल्य केवल निरंतरता से नहीं, बल्कि ट्रॉफी जीतने से तय होता है।

जियोस्टार के एक शो में गोयनका ने कहा कि किसी भी स्पोर्ट्स टीम को तब तक सम्मान नहीं मिलता, जब तक वह ट्रॉफी जीत नहीं लेती। उन्होंने याद दिलाया कि टीम दो बार प्लेऑफ में पहुंच चुकी है, लेकिन यह काफी नहीं है।

गोयनका के अनुसार, टीम कभी जीतती है तो कभी हारती है, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स को अपनी पहली ट्रॉफी जरूर जीतनी होगी। आईपीएल के आगमन से पहले ही उन्होंने टीम को कड़ा संदेश दे दिया है। अब सवाल यह है कि क्या इस बार लखनऊ सुपर जायंट्स अपने फैंस की उम्मीदों पर खरा उतर पाएगी।

Related Articles

Back to top button