Trending

चुनाव आयोग ने अंतर-राज्यीय सीमा बैठक आयोजित की

नई दिल्ली : भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने आगामी विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के मद्देनजर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में मंगलवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंतर-राज्यीय सीमा सुरक्षा और चुनावी शुचिता पर विशेष बल दिया गया। बैठक में ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ निर्वाचन आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी भी मौजूद रहे।

 

निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी आम चुनावों के साथ-साथ 6 अन्य राज्यों में होने वाले उपचुनावों की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में इन 5 चुनावी राज्यों और उनके 12 पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिवों, पुलिस महानिदेशकों (डीजीपी) और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (सीईओ) ने भाग लिया।

 

आयोग ने चुनावी राज्यों में शांति बनाए रखने के लिए सीमावर्ती जिलों को सील करने और अंतर-राज्यीय चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अवैध नकदी, शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने के लिए प्रवर्तन एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। चुनावी राज्यों और उनके पड़ोसी राज्यों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आपसी सूचना साझा करने को कहा गया है।

 

बैठक में सीबीडीटी, ईडी, एनसीबी, डीआरआई जैसी प्रमुख जांच एजेंसियों के साथ-साथ साआरपीएफ, बीएसएफ और आईटीबीपी जैसे अर्धसैनिक बलों के प्रमुख भी शामिल हुए। आयोग ने इन एजेंसियों को व्यय-संवेदनशील निर्वाचन क्षेत्रों पर कड़ी नजर रखने, ठोस खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी और ज़ब्ती की कार्रवाई तेज करने और हवाई अड्डों, बंदरगाहों तथा डाक सेवाओं के माध्यम से होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच करने का निर्देश दिया है। इस बैठक का उद्देश्य इन चुनावों को पूरी तरह से हिंसा-मुक्त, भय-मुक्त और प्रलोभन-मुक्त बनाना है।

 

—————

Related Articles

Back to top button