रिंकू सिंह की नई इनिंग्स, अब मैदान के साथ प्रशासन में भी दिखेगा दम
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले खिलाड़ी रिंकू सिंह अब खेल के क्षेत्र में एक नई जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार उन्हें आज क्षेत्रीय खेल अधिकारी के रूप में नियुक्त कर रही है। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे, जिसके तहत रिंकू सिंह खेल के विकास और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
रिंकू सिंह अलीगढ़ के एक छोटे से गांव से आते हैं और यहीं से उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कड़ी मेहनत करके आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने कौशल का लोहा मनवाया।

उन्होंने प्रदेश और देश का नाम रौशन किया। पहले उन्हें बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया था, लेकिन उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर विवाद होने के कारण यह नियुक्ति रद्द कर दी गई थी। अब खेल विभाग में उन्हें एक उपयुक्त और विशेषज्ञ भूमिका में स्थान दिया गया है।
हालांकि, रिंकू सिंह की यात्रा केवल खेल तक ही सीमित नहीं रही। हाल के वर्षों में उनकी निजी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए, फिर भी उन्होंने खेल और टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।
सोशल मीडिया पर उनके जज्बे और लगन की जमकर तारीफ हुई। निजी जीवन में एक खुशखबरी भी आई है—रिंकू सिंह की सगाई अब सपा सांसद प्रिया सरोज से हो चुकी है। सगाई समारोह में सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई बड़े राजनीतिक चेहरे मौजूद थे।
आज के समारोह में सिर्फ रिंकू सिंह ही नहीं, बल्कि अन्य खिलाड़ियों को भी प्रशासनिक जिम्मेदारी दी जाएगी। हॉकी में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस का डिप्टी एसपी बनाया जाएगा।
पेरिस पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण कुमार को भी डिप्टी एसपी बनाया जाएगा, जबकि पैरालंपिक में रजत पदक जीतने वाले अजीत सिंह को जिला पंचायत राज अधिकारी की जिम्मेदारी दी जाएगी।
200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली सिमरन को भी इसी विभाग में कार्य सौंपा जाएगा और 100 व 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने वाले प्रतीपाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) नियुक्त किया जाएगा।



