ईरान अमेरिका में मैच से अलग, लेकिन विश्व कप में हिस्सा बनाए रखेगा
ईरान ने फीफा विश्व कप 2026 के बहिष्कार की धमकी वापस ले ली है, लेकिन अमेरिका में मैच न खेलने की अपनी मांग पर वह अब भी कायम है। ईरान के फुटबॉल प्रमुख मेहदी ताज ने कहा कि पुरुष टीम टूर्नामेंट की तैयारियों को जारी रखेगी, भले ही अमेरिका में मैच न खेले।
फुटबॉल विश्व कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा में खेला जाएगा। फरवरी के अंत में अमेरिका के साथ चल रहे विवाद के बाद ईरान टीम की सुरक्षा और मैचों की जगह को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी।
इसी कारण ईरान ने अमेरिका में विश्व कप के दौरान अपने प्रस्तावित मैच खेलने से इनकार कर दिया है। गौरतलब है कि ईरान विश्व कप क्वालिफाई करने वाली पहली टीमों में शामिल है।

रिपोर्ट के हवाले से मेहदी ताज ने कहा, “नेशनल टीम तुर्की में ट्रेनिंग कैंप लगाएगी और वहां दो मैत्रीपूर्ण मैच खेलेगी। हम अमेरिका का बॉयकॉट करेंगे, लेकिन विश्व कप का नहीं।”
ताज का यह बयान ईरान के खेल मंत्री अहमद डोनयामाली के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान विश्व कप में हिस्सा नहीं लेगा। ईरान की पुरुष टीम को जून में अमेरिका में बेल्जियम, मिस्र और न्यूजीलैंड के साथ मैच खेलना है।
मेक्सिको की प्रेसिडेंट क्लाउडिया शीनबाम ने ईरान के अमेरिका में विश्व कप मैचों के बहिष्कार पर कहा कि आखिरी फैसला फीफा के हाथ में है। फीफा ने भी पुष्टि की है कि वे ईरान फुटबॉल फेडरेशन के संपर्क में हैं और चाहते हैं कि सभी टीमें अपने तय शेड्यूल के अनुसार टूर्नामेंट में भाग लें।
ईरान ने यह कदम इजरायल और अमेरिका की तरफ से लगातार हो रहे हमलों और बिना वजह युद्ध छेड़ने के कारण उठाया है। अब देखना यह होगा कि फीफा ईरान के लिए विश्व कप के मैच अमेरिका से हटाकर किसी और वेन्यू पर स्थानांतरित करता है या नहीं।



