इकाना में एलएसजी की तैयारियां तेज, खिलाड़ियों ने किया जोरदार अभ्यास
लखनऊ : लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने आज भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है। इकाना के मुख्य मैदान के साथ ही बी ग्राउंड पर भी टीम के खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया।
टीम के कप्तान ऋषभ पंत और तेज गेंदबाज मो. शमी सोमवार रात लखनऊ पहुंचकर टीम से जुड़ेंगे और मंगलवार से अभ्यास सत्रों में शामिल होंगे। अक्षत रघुवंशी, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह, आयुष बडोनी, शाहबाज अहमद, अर्शीन कुलकर्णी आदि बल्लेबाजों ने गगनचुंबी छक्के लगाए।
साथ ही अर्जुन तेंदुलकर, मयंक यादव, आवेश खान, दिग्वेश राठी ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। टीम के ग्लोबल क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी और मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने खिलाड़ियों को तकनीकी जानकारी दी। 
सहायक कोच लांस क्लूजनर और भरत अरुण ने भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स का पहला मैच 1 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा।



