आईपीएल 2026 का शेड्यूल जल्द, सात मैचों की मेजबानी की संभावना
आईपीएल 2026 के शेड्यूल का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर है। अब इस मेगा टी20 लीग का आधिकारिक कार्यक्रम 9 मार्च को जारी किया जाएगा। यानी फैंस को अब 24 घंटे से भी कम समय का इंतजार करना होगा।
पहले ऐसी चर्चा थी कि आज टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के दिन ही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) के शेड्यूल का कम से कम एक हिस्सा सामने आ सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब जानकारी सामने आई है कि सोमवार, 9 मार्च को शाम करीब चार से छह बजे के बीच आईपीएल 2026 के कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है।
वहीं राजधानी लखनऊ में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दरअसल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एक बार फिर आईपीएल की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। पिछले सीजन की तरह इस बार भी यहां सात मुकाबले खेले जाने की संभावना है।
एक स्पोर्ट्स चैनल ने भी पुष्टि की है कि आईपीएल 2026 का नया सीजन 28 मार्च से शुरू होगा। इससे पहले यह भी कहा जा रहा था कि टूर्नामेंट की शुरुआत 26 मार्च से हो सकती है, लेकिन अब 28 मार्च की तारीख तय मानी जा रही है।
इस बार बीसीसीआई शेड्यूल को एक ही बार में जारी नहीं कर सकता। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे दो हिस्सों में जारी करने की तैयारी है। यानी 9 मार्च को पूरे सीजन का कार्यक्रम सामने नहीं आएगा। इसके पीछे तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को बड़ा कारण बताया जा रहा है।

संभावना है कि बीसीसीआई पहले चरण में केवल शुरुआती 15 से 20 दिनों का शेड्यूल जारी करे, जो अप्रैल के मध्य तक के मुकाबलों को कवर करेगा। इसके बाद तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों को ध्यान में रखते हुए बाकी मैचों का कार्यक्रम तय किया जाएगा।
इन राज्यों का आईपीएल से सीधा संबंध भी है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड है। वहीं पश्चिम बंगाल में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम खेलती है। असम के गुवाहाटी को राजस्थान रॉयल्स का दूसरा होम ग्राउंड माना जाता है, जहां टीम के कुछ मैच खेले जाने की योजना है।
इस बार आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर मैदान में उतरेगी। टीम ने पिछले सीजन में फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर खिताब अपने नाम किया था। जानकारी के मुताबिक आरसीबी का पहला मैच 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने सात घरेलू मुकाबलों में से पांच मैच बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि दो मैच रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के कुछ मुकाबले गुवाहाटी में होने वाले हैं।
चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर भी पहले अनिश्चितता बनी हुई थी। पिछले साल बेंगलुरु के चैंपियन बनने के बाद स्टेडियम के बाहर जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद सवाल उठ रहे थे कि क्या यहां भविष्य में आईपीएल मैच खेले जाएंगे या नहीं। हालांकि लंबे विचार-विमर्श के बाद अब सहमति बन गई है कि बेंगलुरु की टीम यहां अपने मुकाबले खेल सकेगी।



