Trending

नेशनल ट्रायल्स से शुरू होगी भारतीय निशानेबाज़ों की अगली चुनौती

नई दिल्ली : घरेलू सरज़मीं पर आयोजित एशियन राइफल/पिस्टल चैम्पियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने 39 स्वर्ण, 18 रजत और 19 कांस्य सहित कुल 76 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था।

अब भारत के शीर्ष राइफल और पिस्टल निशानेबाज़ों की नज़र 6 से 10 मार्च 2026 के बीच नई दिल्ली स्थित डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में होने वाले नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स 3 (ग्रुपए) पर होगी। यह ट्रायल्स अगले महीने से शुरू होने वाले व्यस्त अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सत्र से पहले आयोजित किए जा रहे हैं।

भारत के लगभग सभी शीर्ष निशानेबाज़ 10 स्पर्धाओं में भाग लेंगे, जिनमें आठों ओलंपिक स्पर्धाएँ और पुरुष एवं महिला राइफल प्रोन प्रतियोगिताएँ शामिल हैं। खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए वर्ष के दूसरे चरण में राष्ट्रीय टीम में चयन हेतु अपने स्कोर को मजबूत करने का प्रयास करेंगे।

ग्रुप बी खिलाड़ियों के लिए राइफल/पिस्टल सेलेक्शन ट्रायल्स 3 और 4 भी 6 मार्च से शुरू होंगे, जो 6 से 22 मार्च 2026 तक भोपाल स्थित एमपी राज्य शूटिंग अकादमी में आयोजित किए जाएंगे। चयन ट्रायल्स के समापन के बाद राष्ट्रीय दल के खिलाड़ी 10 से 21 मार्च 2026 तक नई दिल्ली में कोचिंग कैंप में भाग लेंगे।

शॉटगन खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय शिविर भी आज नई दिल्ली में शुरू हो गया है, जिसमें सबसे पहले स्कीट निशानेबाज़ों ने रिपोर्ट किया। ट्रैप निशानेबाज़ 8 मार्च 2026 को शिविर से जुड़ेंगे। इसके बाद आईएसएसएफ वर्ल्ड कप शॉटगन सेपहले प्री-इवेंट कैंप आयोजित किया जाएगा।

वर्ष का पहला वर्ल्डकप 21 मार्च से 3 अप्रैल 2026 तक टंगियर, मोरक्को में खेला जाएगा। इस वर्ष के पहले दो राइफल/पिस्टल (ग्रेनाडा और म्यूनिख) तथा शॉटगन (टंगियर और अल्माटी) आईएसएसएफ वर्ल्ड कप चरणों के लिए भारतीय टीमों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक चक्र की शुरुआत इसी वर्ष से हो रही है, जिसमें पहले कोटा स्थान अक्टूबर–नवंबर 2026 में होने वाली आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में तय किए जाएंगे।

इसके अलावा सत्र में एशियाई खेल भी शामिल हैं, जहां भारतीय निशानेबाज़ एक और मजबूत प्रदर्शन का लक्ष्य रखेंगे। इन प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं को देखते हुए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर की स्पर्धाएँ राइफल, पिस्टल और शॉटगनवर्गों में टीम चयन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

Related Articles

Back to top button