Trending

आईएफएल में पहली जीत के लिए आइजोल और राजस्थान यूनाइटेड तैयार

इंडियन फुटबॉल लीग

आइजोल : पूर्व चैंपियन आइजोल एफसी शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में राजीव गांधी स्टेडियम, आइजोल में राजस्थान यूनाइटेड एफसी की मेजबानी करेगा। दोनों टीमें सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेंगी।

मुकाबला *शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे भारतीय समयानुसार* शुरू होगा। मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर होगा और वेव्स ऐप पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। आइजोल एफसी लंबे इंतज़ार के बाद अपने घरेलू मैदान पर वापसी कर रही है।

2016-17 के चैंपियन ने 27 फरवरी को नामधारी एसए के खिलाफ 1-1 के ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। उस मुकाबले में मुख्यकोच लालरुआतफेला ने मिडफील्ड को मजबूत करते हुए जोमुआनसांगा को अकेले स्ट्राइकर के रूप में उतारा था।

हालांकि, अंत के क्षणों में रक्षात्मकचूक के कारण आइजोल को इंजरी टाइम में बराबरी का गोल झेलना पड़ा। लाल रुआतफेला ने कहा, “इस सप्ताह प्रशिक्षण के दौरान हमारा मुख्य ध्यान टीमवर्क, अनुशासन और फिनिशिंग में सुधार पर रहा है। हमने अपनी रणनीति और सेट-पीस पर भी कड़ी मेहनत की है।”

घरेलू समर्थकों के महत्व पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा, “मिज़ोरम के हमारे उत्साही प्रशंसकों के सामने घरेलू मैदान पर खेलना हमारे लिए बहुत खास है। उनके समर्थन से हमें अतिरिक्त प्रेरणा और ऊर्जा मिलती है। हमें उनका प्रतिनिधित्व करने पर गर्व है और हम उनके लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं।”

आइजोल एफसी के कप्तान लालह्रियातपुइया ने टीम की तैयारी पर विश्वास जताते हुए कहा, “टीम अच्छी तरह तैयार है। हमने इस सप्ताह कड़ी मेहनत से अभ्यास किया है। मानसिक रूप से हम पूरी तरह केंद्रित और आत्मविश्वास से भरे हैं। शारीरिक रूप से भी सभी खिलाड़ी फिट हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।”

उनके सामने राजस्थान यूनाइटेड एफसी की चुनौती होगी, जो 1 मार्च को शिलांग लाजोंग एफसी के खिलाफ 1-1 के संघर्षपूर्ण ड्रॉ के बाद एक अंक लेकर आइजोल पहुंच रही है। जयपुर की टीम ने उस मुकाबले में शानदार जुझारूपन दिखाया था।

15वें मिनट में एवरब्राइटसन साना के पेनल्टी रिबाउंड से पीछे होने के बाद उन्होंने दूसरे हाफ में आक्रामक खेल दिखाया। 53 वें मिनट में अभिषेक आंबेकर ने अमादू सूकौना से जुड़े बॉक्स के अंदर हुए संघर्ष के बाद खाली गोल में गेंद डालकर बराबरी दिलाई।

उस प्रदर्शन पर विचार करते हुए सहायक कोच विकास रावत ने कहा, “तैयारी बहुत अच्छी रही है। पहले मैच से हमने कई सीख ली हैं। उम्मीद है कि अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागूकर हम सकारात्मक परिणाम हासिल करेंगे।”

आगामी मुकाबले के लिए अपनी रणनीति बताते हुए कप्तान भबिंद्र मल्ला ठाकुरी ने कहा, “हम गेंद पर नियंत्रण रखते हुए आक्रामक फुटबॉल खेलेंगे। तीन अंक हासिल करने के लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।”

नई संरचना वाली टीम के साथ राजस्थान यूनाइटेड इस जुझारू प्रदर्शन को बरकरार रखते हुए एक और कठिन अवे मैच में अच्छा परिणाम हासिल करने की कोशिश करेगी। टीम को आइजोल के खिलाफ अपने ऐतिहासिक रिकॉर्ड से भी आत्मविश्वास मिलेगा। रावत ने कहा, “हम आइजोल में अपना अच्छा रिकॉर्ड बनाए रखना चाहते हैं।”

दरअसल, दोनों टीमों के बीच पिछले सात आई-लीग मुकाबलों का रिकॉर्ड मेहमान टीम के पक्ष में रहा है। राजस्थान यूनाइटेड ने तीन मैच जीते हैं, जबकि आइजोल एफसी को केवल एक जीत मिली है और तीन मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। इन मैचों में राजस्थान को कुल गोल अंतर में भी 7-5 की बढ़त हासिल है।

तालिका में दोनों टीमों के पास फिलहाल एक-एक अंक है और दोनों अपनी पहली जीत की तलाश में हैं। ऐसे में शुक्रवार का मुकाबला सत्र की शुरुआत में ही इरादों का संकेत देने वाला हो सकता है। मेजबान आइजोल एफसी अपने घरेलू मैदान पर सकारात्मक शुरुआत करना चाहेगी, जबकि राजस्थान यूनाइटेड एफसी इस मुकाबले में अपने बेहतर आमने-सामने के रिकॉर्ड का फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

Related Articles

Back to top button