एलन का ऐतिहासिक कारनामा: टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहला शतक
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होली के दिन ऐसा क्रिकेटीय धमाका हुआ जिसने टी20 विश्व कप के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।
न्यूजीलैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में महज 33 गेंदों पर तूफानी शतक जड़कर न सिर्फ अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया, बल्कि रिकॉर्ड्स की झड़ी भी लगा दी।
एलन ने इस मुकाबले में ऐसा शतक लगाया जो कई मायनों में ऐतिहासिक बन गया। वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का करीब 10 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।
उनकी यह पारी सिर्फ तेज शतक तक सीमित नहीं रही। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में भी इतिहास रच दिया। एलन इस टूर्नामेंट के 19 साल के इतिहास में नॉकआउट मैच में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान के नाम था।
दिलशान ने 2009 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ द ओवल में नाबाद 96 रन बनाए थे। इस सूची में स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली भी हैं, जिन्होंने 2016 टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 89 रन बनाए थे।
टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट में सर्वोच्च स्कोर
100* – फिन एलन बनाम दक्षिण अफ्रीका, कोलकाता, 2026 सेमीफाइनल
96* – तिलकरत्ने दिलशान बनाम वेस्टइंडीज, द ओवल, 2009 सेमीफाइनल
89* – विराट कोहली बनाम वेस्टइंडीज, मुंबई, 2016 सेमीफाइनल
86* – एलेक्स हेल्स बनाम भारत, एडिलेड, 2022 सेमीफाइनल
85* – मार्लन सैमुअल्स बनाम इंग्लैंड, कोलकाता, 2016 फाइनल
85 – केन विलियमसन बनाम ऑस्ट्रेलिया, दुबई, 2021 फाइनल
एलन की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने इस टी20 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बुधवार को दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
तीन सप्ताह बाद आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने जा रहे एलन ने अपनी पारी में 10 चौके और आठ छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि न्यूजीलैंड ने 170 रन का लक्ष्य महज 12.5 ओवर में हासिल कर लिया।
ईडन गार्डन्स में होली के दिन एलन के बल्ले से निकली आतिशबाजी ने पूरे स्टेडियम को रोमांच से भर दिया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अर्धशतक लगाने वाले मार्को यानसेन गेंदबाजी में बेहद महंगे साबित हुए। उन्होंने 2.5 ओवर में 53 रन खर्च कर दिए और उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला।
मिचेल सेंटनेर की कप्तानी वाली कीवी टीम ने पहले गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। न्यूजीलैंड के स्पिन आक्रमण ने दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी को बांधकर रखा और उसे आठ विकेट पर 169 रन तक ही सीमित कर दिया। ऑफ स्पिनर कोल मैकोंची ने एक ओवर में नौ रन देकर दो विकेट लिए, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर रचिन रविंद्र ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट झटकते हुए दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया।



