क्या इडेन गार्डंस में टूटेगा चोकर्स का टैग? सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की अग्निपरीक्षा
आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल आज दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच कोलकाता के ऐतिहासिक इडेन गार्डंस में खेला जाएगा।
दोनों टीमें अपने पहले टी-20 विश्व कप खिताब की तलाश में मैदान पर उतरेंगी। लेकिन यह मुकाबला सिर्फ एक सेमीफाइनल नहीं, बल्कि इतिहास और मानसिक मजबूती की परीक्षा भी है। दक्षिण अफ्रीका के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्षी टीम नहीं, बल्कि अपना अतीत है। आईसीसी नॉकआउट मुकाबलों में उनका रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है।
आंकड़े बताते हैं कि प्रोटियाज टीम ने आईसीसी टूर्नामेंट्स के 14 सेमीफाइनल खेले हैं, जिनमें से केवल दो में जीत हासिल कर पाई, जबकि बाकी मुकाबलों में हार झेलनी पड़ी। यही कारण है कि उन पर ‘चोकर्स’ का टैग चिपक गया, जो समय के साथ और गहरा होता गया।
यह सिलसिला 1992 के वनडे वर्ल्ड कप से शुरू हुआ, जब इंग्लैंड ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया। 1998 की चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका को हराकर उन्होंने पहली बार फाइनल में जगह बनाई, लेकिन 1999 का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टाई सेमीफाइनल आज भी क्रिकेट इतिहास के सबसे दर्दनाक पलों में गिना जाता है।

मैच बराबरी पर छूटा, मगर बेहतर नेट रन रेट के कारण ऑस्ट्रेलिया फाइनल में पहुंच गया और दक्षिण अफ्रीका का सपना टूट गया। 2000, 2002 और 2006 की चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत और वेस्टइंडीज ने उन्हें सेमीफाइनल की दहलीज से लौटा दिया।
आधुनिक दौर में भी कहानी ज्यादा नहीं बदली। 2007 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया ने फिर उनका रास्ता रोका, जबकि 2015 में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी ओवर की हार ने करोड़ों प्रशंसकों को निराश कर दिया।
टी-20 वर्ल्ड कप में भी 2009 और 2014 में उन्हें क्रमशः पाकिस्तान और भारत से हार मिली। हालांकि 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ मिली एकतरफा जीत ने उम्मीद जगाई थी कि टीम अब दबाव से ऊपर उठ रही है। लेकिन 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार ने फिर वही पुरानी बहस छेड़ दी।
सवाल यही है कि आखिर बड़े मंच पर दक्षिण अफ्रीका क्यों बिखर जाता है? क्या यह सिर्फ दबाव है, या निर्णायक क्षणों में रणनीतिक चूक? 1999 का रन-आउट, 2015 की आखिरी गेंद पर छक्का, या 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में आखिरी छह ओवरों में 36 गेंदों पर 36 रन भी नहीं बना पाना—ये सभी घटनाएं बताती हैं कि जीत के करीब पहुंचकर भी टीम अक्सर फिसल जाती है।
अब इडेन गार्डंस में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि छवि बदलने का अवसर है। 14 प्रयासों में केवल दो बार फाइनल तक पहुंचना किसी भी बड़ी टीम के लिए आत्ममंथन का विषय है, लेकिन इतिहास हमेशा भविष्य तय नहीं करता। अगर दक्षिण अफ्रीका इस बार दबाव को साध लेती है, तो शायद ‘चोकर्स’ का अध्याय यहीं समाप्त हो सकता है।
दक्षिण अफ्रीका के सभी 14 सेमीफाइनल मुकाबलों की सूची:
1992 ODIWC: इंग्लैंड से हार
1998 CT: श्रीलंका के खिलाफ जीत
1999 ODIWC: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच टाई (ऑस्ट्रेलिया आगे बढ़ा)
2000 CT: भारत से हार
2002 CT: भारत से हार
2006 CT: वेस्टइंडीज से हार
2007 ODIWC: ऑस्ट्रेलिया से हार
2009 T20WC: पाकिस्तान से हार
2013 CT: इंग्लैंड से हार
2014 T20WC: भारत से हार
2015 ODIWC: न्यूजीलैंड से हार
2023 ODIWC: ऑस्ट्रेलिया से हार
2024 T20WC: अफगानिस्तान के खिलाफ जीत
2025 CT: न्यूजीलैंड से हार



