सूर्यकुमार यादव का भरोसा : हार के बाद टीम मजबूत होकर करेगी वापसी
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की लगातार 12 जीत का सिलसिला टूट चुका है। और टूटा भी तो सुपर-8 जैसे अहम चरण में। रविवार को दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के विजय रथ को रोकते हुए 76 रनों के विशाल अंतर से हराया।
इस स्तर की हार के बाद अब टीम इंडिया के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना खत्म भले न हुई हो, लेकिन कमजोर जरूर हुई है।
अब टीम को सुपर-8 में जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने बाकी दोनों मुकाबलों को न सिर्फ जीतना होगा, बल्कि बड़े अंतर से जीतना होगा। दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने वादा किया है- हम वापसी करेंगे, मजबूत होकर वापसी करेंगे।
मैच के बाद सूर्या ने कहा, ‘मुझे लगता है कि जब हमने मैच शुरू किया तब से हमेशा गेम में बने हुए थे। मुझे लगता है कि हमने शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी की। 21 रन पर तीन विकेट ले चुके थे लेकिन जिस तरह से उन्होंने 7 से 15 ओवर के बीच बल्लेबाजी की, मैं समझता हूं वो वाकई बहुत अच्छी बैटिंग थी। और उसके बाद भी हमने बाद में वापसी की।

कुल मिलाकर अगर हम देखें तो हमने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन हम बल्लेबाजी थोड़ी बेहतर कर सकते थे। जब आप 180-185 का पीछा कर रहे होते हैं तो कभी-कभी आपको सोचना पड़ता है। आप पावरप्ले में गेम नहीं जीत सकते लेकिन आप पावरप्ले में मैच जरूर हार सकते हैं।
हमने पावरप्ले में कई विकेट खोए और उसके बाद हम छोटी-छोटी साझेदारी भी नहीं कर पाए। लेकिन यह सब कुछ खेल का हिस्सा होता है। हम इससे सीखते हैं, हम सोचेंगे और कहीं ज्यादा मजबूती के साथ वापसी करेंगे।’
दक्षिण अफ्रीका के 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया मार्को यानसेन (22 रन पर चार विकेट), केशव महाराज (24 रन पर तीन विकेट) और कोर्बिन बॉश (12 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गई।
मेजबान से सिर्फ शिवम दुबे (42 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, एक चौके) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से डेविड मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेली।
उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद सात विकेट पर 187 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बुमराह और अर्शदीप की तेज गेंदबाजी जोड़ी की सराहना की। उन्होंने कहा,’हर कोई जानता है कि उनकी जोड़ी कितनी खतरनाक रही है। दोनों ने आठ ओवर गेंदबाजी की, पांच विकेट लिए और 45-50 रन दिए। वे साझेदारी में अच्छी गेंदबाजी करते हैं और उन्हें अपनी टीम में पाकर अच्छा लगता है।’
बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर तीन विकेट चटकाए जबकि अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत ही काफी खराब रही।
पिछले 3 मैचों में खाता खोलने में नाकाम रहे अभिषेक शर्मा इस मैच में खाता तो खोल पाए लेकिन इस बार जबरदस्त फॉर्म में चल रहे ईशान किशन पहले ही ओवर में शून्य पर आउट हो गए। दूसरे ओवर में तिलक वर्मा भी चलते बने। उसके बाद अभिषेक शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी कुछ खास नहीं कर पाए। 51 रन पर भारत के 5 विकेट गिर चुके थे।
तब हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे से उम्मीदें थीं। 86 के टीम स्कोर पर पांड्या भी आउट हो गए और उसी ओवर में रिंकू सिंह भी बिना खाता खोले निपट गए।
आखिरकार भारतीय टीम 111 रन के स्कोर पर सिमट गई। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका को 2 अंक तो मिले ही, साथ में उसका नेट रनरेट +3.8 का हो गया जबकि भारत का नेट रनरेट -3.8 का हो चुका है और सुपर-8 में अंक शून्य हैं।



