लॉरेन डाउन: 48 अंतरराष्ट्रीय मैचों का सफर और अब क्रिकेट को अलविदा
न्यूजीलैंड की अनुभवी बल्लेबाज लॉरेन डाउन ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 30 वर्षीय डाउन ने 2018 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू किया था और तब से उन्होंने टीम के लिए समर्पण और मेहनत का उदाहरण पेश किया।
डाउन ने अपने संन्यास पर कहा, “मुझे व्हाइट फर्न्स ग्रुप का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा, और अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाकर मैं बेहद शुक्रगुजार हूं। मुझे अपनी टीम की लड़कियों के साथ बिताया समय बहुत याद आएगा।”
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने भी डाउन के योगदान की सराहना करते हुए उनके शब्द साझा किए: “मेरे क्रिकेट करियर का एक बड़ा हिस्सा ऑकलैंड सेटअप में रहा है। मैं ऑकलैंड क्रिकेट, अपने कोच और टीममेट्स का धन्यवाद करना चाहती हूं, जिन्होंने मेरे सफर में हमेशा मेरा साथ दिया।”
न्यूजीलैंड की हेड कोच बेन सॉयर ने डाउन की उपलब्धियों को याद करते हुए कहा, “लॉरेन हमेशा शानदार रही हैं। उन्होंने व्हाइट फर्न्स के माहौल में हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। उनका समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता प्रशंसनीय है। मैं लॉरेन को व्हाइट फर्न्स और ऑकलैंड क्रिकेट में उनके योगदान के लिए धन्यवाद देता हूं और उन्हें और उनके परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

फील्डिंग में देश की शीर्ष खिलाड़ियों में शुमार रहने वाली लॉरेन डाउन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल 48 मैच खेले, जिनमें 35 वनडे और 13 टी20 मैच शामिल हैं। उन्होंने वनडे में 31 पारियों में 3 अर्धशतक लगाते हुए 486 रन बनाए, जिनमें उनका सर्वोच्च स्कोर 90 रहा। वहीं, टी20 में 9 पारियों में 93 रन उनका योगदान रहा।
अंगूठे की चोट के कारण डाउन 2022 के आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप से चूक गई थीं और उसी साल बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स से भी बाहर रहीं। हालांकि, 2023 महिला विश्व कप में वह फिर टीम का हिस्सा थीं।
डाउन ने घरेलू क्रिकेट में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 2011 में ऑकलैंड के मेलविल पार्क में कैंटरबरी के खिलाफ टी20 में अपने होमटाउन हार्ट्स के लिए डेब्यू किया। कुल 202 अवसरों (101 लिस्ट ए और 101 टी20) में उन्होंने ऑकलैंड का प्रतिनिधित्व किया। टी20 में डाउन हार्ट्स की तीसरी सबसे बड़ी स्कोरर हैं, जिनके नाम 1,496 रन दर्ज हैं।



