Trending

खाता नहीं खुला, फिर भी बेफिक्र कोच… क्या है अभिषेक पर भरोसे की वजह?

टी20 विश्व कप में भारत के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का अभी खाता तक खोलना बाकी है। वह टूर्नामेंट में एक भी रन नहीं बना पाए हैं। इसके बाद भी भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक बेफिक्र हैं। बुधवार को टीम इंडिया नीदरलैंड के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलने जा रही है।

इसके बाद महत्वपूर्ण सुपर-8 चरण शुरू होगा, फिर कोच ‘तुरुप के इक्के’ समझे जाने वाले अभिषेक शर्मा के बल्ले से रन नहीं बनने से आखिर बेफिक्र क्यों हैं? सितांशु कोटक अपनी इस बेफिक्री की वजह प्रतिद्वंद्वी टीमों की अभिषेक शर्मा को केंद्र में रखकर बन रही रणनीतियों को बताते हैं। इसके अलावा उनका दावा है कि अभिषेक शर्मा ने खुद का प्लान बना रखा है।

बल्लेबाजी कोच ने मंगलवार को कहा, ‘सबसे पहले तो ये कि अगर टीमें खुलकर कह रही हैं कि वे उसको लेकर खास रणनीति बना रही हैं और जब वह आउट कर देती हैं तो बहुत खुश होती हैं। इसका बहुत सारा श्रेय अभिषेक को जाता है कि वह इतना अच्छा कर रहा है कि वे उसे लेकर चिंतित हैं।

हम भी अच्छे से प्लान कर रहे हैं और वह भी अपने आइडिया के साथ आता है। अगर टीमें उसे लेकर चिंता में हैं तो ये हमारे लिए बहुत अच्छा संकेत है और इसका क्रेडिट उसी को जाता है कि वह ऐसे खेल रहा है।’

© AFP

कोटक ने आगे कहा, ‘बीमार पड़ने से पहले अभिषेक ने मैचों में रन बनाए। टी20 में कभी-कभी 10 गेंदों में 30 रन भी महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए ऐसा नहीं है कि वह योगदान नहीं दे रहा। ईमानदारी से कहूं तो हम अपने सभी बल्लेबाजों और सभी खिलाड़ियों पर फोकस रखते हैं। हम किसी एक खिलाड़ी को चुनकर ये नहीं कहते कि ‘उसने स्कोर नहीं किया है’।

टी20 उच्च-जोखिम वाला खेल है, कोई भी आउट होगा ही। अगर हम इस पर बहुत ज्यादा जोर देंगे तो ये खिलाड़ियों पर अनावश्यक दबाव डालेगा। वह अच्छे फॉर्म में है। उसका प्लान क्लियर है, माइंडसेट क्लियर है और यही हमारे लिए मायने रखता है।’

अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप में अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच में वह पेट में संक्रमण की वजह से नहीं खेल पाए थे।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनसे बहुत उम्मीदें थीं लेकिन उस मुकाबले में भी वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे। अब नीदरलैंड के खिलाफ अगर वह लय में आते हैं तो सुपर-8 से पहले भारतीय टीम के लिए निश्चित तौर पर ये अच्छा संकेत रहेगा।

Related Articles

Back to top button