Trending

इमरान खान के स्वास्थ्य पर चिंता: पूर्व कप्तानों की अपील का गांगुली ने किया समर्थन

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों द्वारा इमरान खान के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियां प्रदान करने की अपील का समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान ने पाकिस्तान के लिए बतौर कप्तान और प्रधानमंत्री महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनका “ख्याल रखा जाना चाहिए।”

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित 14 पूर्व कप्तानों ने जेल में बंद क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर ”गहरी चिंता” व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियां प्रदान करने का आग्रह किया है।

गांगुली ने यहां पत्रकारों से कहा, ”पूर्व कप्तानों ने जो अपील की है, वह सही कदम है।” उन्होंने कहा, ‘’मुझे उम्मीद है कि उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा और उन्हें उचित इलाज मिलेगा। उन्होंने पाकिस्तान को पहले क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में और फिर प्रधानमंत्री के रूप में विश्व पटल पर पहचान दिलाई है, इसलिए उनका ध्यान रखा जाना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा।”

साभार : गूगल

ऐसी खबरें आई हैं कि 1992 के विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इमरान खान ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है।

लगभग 14 पूर्व कप्तानों ने ”पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील” शीर्षक से पाकिस्तान सरकार को एक पत्र लिखकर इमरान के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की।

पत्र में कहा गया है, ”हम अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और कारावास की स्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिख रहे हैं।”

इस पत्र पर माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट ने भी हस्ताक्षर किए हैं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।

Related Articles

Back to top button