Trending

शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद संभला शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में निचले स्तर से रिकवरी

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवरी होती हुई नजर आ रही है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के दबाव के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि पहले 10 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया और लिवाली शुरू कर दी, जिससे बाजार की स्थिति में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ और निफ्टी 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

 

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टीसीएस, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयर 2.71 प्रतिशत से लेकर 1.36 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, एटरनल, श्रीराम फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक महिंद्रा के शेयर 2.77 प्रतिशत से लेकर 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

 

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,582 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,693 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 889 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 14 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 16 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

 

बीएसई का सेंसेक्स आज 79.48 अंक की गिरावट के साथ 83,197.67 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बढ़ जाने के कारण पहले 10 मिनट में ही यह सूचकांक गिर कर 82,987.43 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 26.95 अंक की मजबूती के साथ 83,304.10 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

 

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 44.80 अंक फिसल कर 25,637.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक टूट कर 25,570.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 26.80 अंक की गिरावट के साथ 25,655.95 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

 

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 650.39 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,277.15 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 211.65 अंक यानी 0.83 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,682.75 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

Related Articles

Back to top button