आईएफएल 2025-26 का शेड्यूल जारी, चैंपियन को मिलेगा आईएसएल में प्रमोशन
27 फरवरी से होगी शुरू, पहले दिन खेले जाएंगे दो मैच
नई दिल्ली : अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 सीज़न के मुकाबलों की घोषणा कर दी है। नया सत्र 27 फरवरी 2026 से शुरू होगा, जिसमें उद्घाटन दिवस पर दो मुकाबले खेले जाएंगे।
पहले दिन नमधारी एफसी का सामना आइज़ॉल एफसी से होगा, जबकि चनमारी एफसी और गोकुलम केरल एफसी आमने-सामने होंगे। क्लबों के प्रस्ताव के अनुसार, आईएफएल 2025-26 सीज़न दो चरणों के प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में 10 भाग लेने वाले क्लब सिंगल-लेगहोम-एंड-अवेराउंड-रॉबिनप्रारूप में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
दूसरे चरण में टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा। पहले चरण में शीर्ष आधे स्थान पर रहने वाली टीमें होम-एंड-अवे चैम्पियनशिप राउंड में पहुंचेंगी, जबकि निचले आधे स्थान पर रहने वाली टीमें केंद्रीकृतरेलिगेशनराउंड में खेलेंगी।प्रतिस्पर्धा की निरंतरता बनाए रखने के लिए पहले चरण के सभी अंक दूसरे चरण में आगे बढ़ाए जाएंगे।

दूसरे चरण के अंत में तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम को इंडियन फुटबॉल लीग चैंपियन घोषित किया जाएगा और उसे इंडियन सुपर लीग 2026-27 में पदोन्नति (प्रमोशन) मिलेगी। इंडियन फुटबॉल लीग, जिसे पहले आई-लीग के नाम से जाना जाता था, भारत में पुरुष पेशेवर फुटबॉल की दूसरी श्रेणी की लीग है।



