भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल : चुग

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने शनिवार को कहा कि 26 मई 2014 के बाद भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है। आज भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और तेज़ी से विकास करने वाला राष्ट्र है, जिसने बुनियादी ढांचे, रक्षा निर्यात और वैश्विक सम्मान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
शनिवार को पंजाबी एनआरआई डायस्पोरा से संवाद में पंजाब के विकास एजेंडे पर तरुण चुग ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी व्यक्ति को उसके पासपोर्ट के रंग से नहीं बल्कि उसके भीतर के भारतीय डीएनए और मातृभूमि के प्रति समर्पण से पहचानती है। जहां देश विकास की रफ्तार पकड़ चुका है, वहीं पंजाब को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है। कृषि, उद्योग, वाणिज्य और सेवा क्षेत्र—इन चारों स्तंभों में पंजाब को नई दिशा देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य की बढ़ती वित्तीय चुनौतियां, निवेश की कमी और युवाओं का पलायन गंभीर चिंता का विषय है, और बिना ठोस नीति तथा स्पष्ट नेतृत्व के यह स्थिति नहीं बदलेगी।
उन्होंने प्रवासी समुदाय को आश्वस्त किया कि भाजपा की सरकार बनने पर एनआरआई निवेश की सुरक्षा, पारदर्शी प्रशासन, कानून-व्यवस्था में सुधार और उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। आतंकवाद, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रवासी भारतीय देश की प्रगति के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ काम कर रही है और पंजाब के विकास में प्रवासी समुदाय की सक्रिय भागीदारी राज्य को नई ऊर्जा दे सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से पंजाब को फिर से विकास की अग्रिम पंक्ति में लाया जा सकता है।
कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री मनप्रीत बादल, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, सुभाष शर्मा और अनिल सरीन सहित पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
————–



