Trending

रशीद की जादुई स्पिन और बैंटन के नाबाद अर्धशतक से इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को हराया

टी20 विश्व कप

अनुभवी लेग स्पिनर आदिल रशीद के तीन विकेट के बाद टॉम बैंटन (नाबाद 63 रन) के अर्धशतक की बदौलत इंग्लैंड ने शनिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के अहम मुकाबले में स्कॉटलैंड को पांच विकेट से हराकर सुपर आठ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा।

वेस्टइंडीज से हार झेलने के बाद ग्रुप सी के इस महत्वपूर्ण मैच में दो बार की चैंपियन इंग्लैंड ने पहले रशीद (36 रन देकर तीन विकेट) और लियाम डॉसन (34 रन देकर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम पर स्कॉटलैंड को 152 रन पर समेट दिया।

स्कॉटलैंड की टीम 113 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी और 180 रन से आगे बढ़ती नजर आ रही थी। लेकिन महज 14 रन के भीतर पांच विकेट गिरने से मैच पूरी तरह पलट गया। रशीद ने कप्तान रिकी बेरिंगटन (49) सहित तीन अहम विकेट लेकर स्कॉटलैंड की पारी को झटका दिया। डॉसन ने भी लगातार दो विकेट चटकाकर विपक्षी टीम की लय बिगाड़ दी।

153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने दो ओवर में 13 रन पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद बैंटन ने 41 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से शानदार मैच विजयी पारी खेली।

AFP/Getty Images

विल जैक्स ने ब्रैड व्हील की गेंद पर एक छक्का और एक चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। इंग्लैंड ने 155 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

इंग्लैंड ने अपने पहले मुकाबले में नेपाल के खिलाफ संघर्षपूर्ण जीत दर्ज की थी, लेकिन वेस्टइंडीज से हार गई थी। इस जीत के साथ वह चार अंक लेकर वेस्टइंडीज के बाद ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।

अब सुपर आठ में स्थान पक्का करने के लिए सोमवार को इंग्लैंड का सामना इटली से होगा। इंग्लैंड को साझेदारी की जरूरत थी और बैंटन को जैकब बेथेल (28 गेंद में 32 रन) का साथ मिला। दोनों ने 45 गेंदों में 66 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला।

फिल साल्ट (2) और जोस बटलर (3) जल्दी पवेलियन लौट गए। बैंटन को सात रन के स्कोर पर जीवनदान मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाते हुए विजयी पारी खेली। डेविडसन ने अंततः इस साझेदारी को तोड़ा जब बेथेल का स्लॉग-स्वीप शॉट सीधे बैकवर्ड प्वाइंट पर चला गया।

Getty Images

स्कॉटलैंड ने रनगति पर नियंत्रण रखा और हैरी ब्रूक का विकेट लेकर दबाव बनाया। ब्रूक स्कूप खेलने के प्रयास में शॉर्ट फाइन लेग पर ब्रैड व्हील को कैच थमा बैठे, जिससे इंग्लैंड का स्कोर 10.4 ओवर में चार विकेट पर 86 रन हो गया।

हालांकि बैंटन ने संयम बनाए रखा और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके लिए अहम पारी रही, क्योंकि पिछली तीन पारियों में वह दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके थे। उन्होंने सैम कुरेन (20 गेंद में 28 रन) के साथ 46 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

इससे पहले रशीद के तीन और डॉसन के दो विकेट की मदद से स्कॉटलैंड की टीम 152 रन पर सिमट गई। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को दो विकेट मिले। स्कॉटलैंड 113 रन पर तीन विकेट गंवाकर मजबूत स्थिति में था और ऐसा लग रहा था कि टीम 200 रन का आंकड़ा पार कर लेगी। कप्तान बेरिंगटन और टॉम ब्रूस (24 रन) अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे।

अपने शुरुआती दो ओवर में 26 रन खर्च करने के बाद रशीद ने शानदार वापसी की और बेरिंगटन को अर्धशतक से एक रन पहले आउट किया। अगले ओवर में रशीद ने तीन गेंदों के भीतर मैथ्यू क्रॉस और मार्क वाट को आउट कर स्कॉटलैंड को गहरा झटका दिया।

इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी ने चार ओवर में पांच विकेट लेकर स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन से आठ विकेट पर 127 रन कर दिया। बीच के ओवरों में टीम ने मात्र 14 रन पर पांच विकेट गंवा दिए। जेमी ओवरटन (23 रन देकर एक विकेट) ने भी कसी हुई गेंदबाजी की, जिससे स्कॉटलैंड वापसी नहीं कर सका।

इंग्लैंड को शुरुआती सफलता आर्चर (24 रन देकर दो विकेट) ने दिलाई, जिन्होंने पावरप्ले के दौरान तीन गेंदों में सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से (04) और ब्रैंडन मैकमुलन (00) को आउट किया।

माइकल जोन्स (33 रन) ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में कुरेन को दो चौके और एक छक्का लगाकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन उसी ओवर में आउट हो गए।

पावरप्ले समाप्त होने तक स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन था। इसके बाद बेरिंगटन और ब्रूस ने चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों में 71 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

पिच से अतिरिक्त उछाल और रफ्तार मिल रही थी, जिसका आर्चर ने अपने शुरुआती स्पेल में बेहतरीन उपयोग किया। इसी दौरान आर्चर ने एक खास उपलब्धि भी हासिल की—वह स्टुअर्ट ब्रॉड और मार्क वुड के बाद तीनों प्रारूपों में 50 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के तीसरे तेज गेंदबाज बन गए।

Related Articles

Back to top button