Trending

गति, स्पिन और रोटेशन : चक्रवर्ती का आधुनिक गेंदबाजी मंत्र

रहस्यमयी भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में नामीबिया के खिलाफ अपनी गेंदबाजी का जादू दिखाया।

भारत के 210 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया की टीम 10वें ओवर में 86/2 की मजबूत स्थिति में थी, लेकिन चक्रवर्ती ने तीन अहम विकेट लेकर मध्यक्रम की रीढ़ तोड़ दी।

अंततः नामीबिया टीम 116 रन पर ही सिमट गई, और भारत को 93 रन की आसान जीत मिली। चक्रवर्ती ने जीत के बाद कहा कि वह अपनी गेंदबाजी में विविधता लाने के साथ-साथ मौजूदा गेंदों को पूरी तरह सटीक बनाने पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने गति, स्पिन और गेंद पर अधिक रोटेशन जैसे पहलुओं पर ध्यान दिया है। लोग अक्सर वेरिएशन पर काम करते हैं, लेकिन मैंने अपनी मौजूदा गेंदों को परफेक्ट बनाने पर फोकस किया, जो आज बहुत मददगार साबित हुई।’’

साभार : गूगल

उन्होंने अपनी गेंदबाजी में लंबे फॉलो-थ्रू के महत्व को भी रेखांकित किया और बताया कि इससे गेंद की गति बढ़ाने में मदद मिली। चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘मैंने आज पहली ही गेंद गुगली फेंकी जबकि आम तौर पर मैं स्टॉक गेंद से शुरुआत करता हूं। इससे विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना।’’

भारत के बल्लेबाज अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, लेकिन चक्रवर्ती का कहना है कि विश्व कप की पिचें द्विपक्षीय श्रृंखलाओं से अलग हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पहले के द्विपक्षीय मैच सपाट पिचों पर थे, लेकिन अब विकेट थोड़ा असमान है। हमें हर विकेट के अनुसार खुद को ढालना होगा।’’

उन्होंने यह भी बताया कि रात के मैच में ओस का असर गेंदबाजी पर महत्वपूर्ण होता है। ‘‘जब आप दूसरी पारी में लक्ष्य का बचाव कर रहे होते हैं, तो ओस बड़ी चुनौती बन सकती है। आईपीएल में मिली अनुभव के कारण हम जानते हैं कि ओस में गेंदबाजी कैसे करनी है।’’

चक्रवर्ती ने अपने खेल में पिछले अनुभवों से हुई सीख को भी साझा किया। 2021 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, लेकिन अब उन्होंने ओवर स्पिन, गति और गेंद की जिप पर फोकस किया है।

‘‘कुछ वेरिएशन अब भी पूरी तरह परफेक्ट नहीं हुए, लेकिन कई गेंदें जल्दी असर दिखा रही हैं,’’ उन्होंने कहा। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की भी चक्रवर्ती ने सराहना की, जिन्होंने 20 रन देकर चार विकेट लेकर भारतीय रन गति पर काबू पाया।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘उन्होंने बहुत सोची-समझी योजना के साथ गेंदबाजी की और आखिरी चार ओवर में उनकी रणनीति पूरी तरह सफल रही।’’ पेट संक्रमण से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के बारे में चक्रवर्ती ने बताया कि वह अब बेहतर महसूस कर रहे हैं और अगला मैच खेल सकते हैं।

अगले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में चक्रवर्ती कुछ नई गेंदों का भी प्रयोग कर सकते हैं, क्योंकि वहां की बाउंड्री लंबी है।

Related Articles

Back to top button