नेट्स प्रैक्टिस में ईशान किशन चोटिल, बुमराह ने दिखाई जबरदस्त गेंदबाजी
भारतीय टीम बुधवार को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे लीग मैच के लिए तैयारी कर रही थी। 6 बजे के करीब भारतीय खिलाड़ी नेट्स में उतरे। हमेशा की तरह टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों को पहले बैटिंग के लिए आना था।
ऐसे में ईशान किशन सबसे पहले नेट्स में नजर आए। ईशान किश नेट अभ्यास के दौरान मैच वाली फॉर्म में नजर आ रहे थे, लेकिन बाद में जसप्रीत बुमराह की एक लेजर गाइडेड मिसाइल की तरह आई यॉर्कर ने ईशान किशन को चारों खाने चित कर दिया।
बुमराह की यॉर्कर ईशान किशन के बायें पैर पर लगी और वे दर्द में नजर आए। नेट में बैट को छोड़कर और पैड उतारकर वे जमीन पर बैठ गए। जल्द ही फीजियो ने अपना काम किया तो कुछ देर बाद वे अपने पैरों पर खड़े हो गए।
हालांकि, ये भारतीय खेमे के लिए एक पल को चिंता का विषय लग रहा था, क्योंकि एक ओपनर पहले से बीमार है और एक ओपनर फॉर्म में नहीं था, जबकि ईशान किशन चोटिल हो चुके थे, लेकिन गनीमत ये रही कि जल्द ही वे उठे और फिर से थोड़ी देर के लिए नेट्स में नजर आए और मैदान से बाहर चले गए।

वहीं, जसप्रीत बुमराह ने लगातार दूसरे दिन जमकर गेंदबाजी का अभ्यास किया। वह अमेरिका के खिलाफ पहला मैच बीमार होने की वजह से नहीं खेले थे। नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को बुमराह का खेलना तय लग रहा है।
यह मैच पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को कोलंबो में होने वाले मुकाबले की तैयारी के लिए बहुत अहम है। बुमराह ने गेंदबाजी के बाद कैचिंग का भी अभ्यास किया। उधर, खराब फॉर्म के कारण प्लेइंग इलेवन से बाहर चल रहे संजू सैमसन को अभिषेक शर्मा के नहीं खेलने पर मौका मिल सकता है।
अभिषेक पेट में संक्रमण के कारण दो दिन अस्पताल में थे, लेकिन अच्छी बात है कि उन्हें बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। हालांकि, रिकवरी का टाइम उनको चाहिए। ऐसे में वे नामीबिया के खिलाफ मैच को मिस कर सकते हैं।
यही कारण था कि मंगलवार की तरह बुधवार को संजू सैमसन बल्लेबाजी का अभ्यास करने सबसे पहले आने वालों में शामिल थे। सैमसन ने नेट्स में स्पिनर और तेज गेंदबाजों पर लंबे-लंबे शॉट लगाए। वॉशिंगटन सुंदर ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी की, जबकि सूर्यकुमार यादव भी काफी समय तक नेट्स में दिखे।
वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ डीडीसीए अधिकारियों ने खूब सेल्फी खिंचवाई। कुलदीप यादव और रिंकू सिंह के साथ भी डीडीसीए अधिकारियों और उनके परिवारों ने सेल्फी ली। भारत और नामीबिया के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में शाम को सात बजे से मुकाबला खेला जाना जाना है।
नामीबिया को अपने पहले मैच में नीदरलैंड से हार मिली है, जो कि इसी मैदान पर खेला गया था। वहीं, टीम इंडिया अपना पहला मैच जीतकर आई है। टीम इंडिया इस मैच को जीतने के बाद 15 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ेगी। उस मैच को जीती तो फिर सुपर 8 में अपनी जगह बना लेगी।



