टी20 विश्व कप : गुरबाज की तूफानी पारी बेकार, डबल सुपर ओवर में जीता दक्षिण अफ्रीका
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप 2026 का सबसे दिलचस्प मुकाबला अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया। यह मैच रोमांच और नाटकीय मोड़ों से भरपूर था, और अंततः दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से जीत हासिल की, लेकिन इस जीत तक पहुँचने के लिए दोनों टीमों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी।
मैच का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा सुपर ओवर रहा। पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने भी उतने ही रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इसी के बाद दूसरा सुपर ओवर खेला गया।
इस बार पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर की 4 गेंद पर 16 और स्टब्स की 2 गेंद पर 7 रन की मदद से कुल 23 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत धीमी रही—शुरुआती दो गेंदों में कोई रन नहीं बना और मोहम्मद नबी विकेट के रूप में गिर गए। आखिरी चार गेंदों में जीत के लिए 24 रन चाहिए थे।
अफगानिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार आक्रमक बल्लेबाजी का परिचय दिया। उन्होंने केशव महाराज पर लगातार तीन छक्के लगाए और एक वाइड भी मिल गई, जिससे टीम को उम्मीद की किरण मिली।

आखिरी गेंद पर 5 रन की जरूरत थी, लेकिन गुरबाज गेंद को बाउंड्री के पार नहीं भेज सके और आउट हो गए। इस नाटकीय खेल के बाद दक्षिण अफ्रीका ने 4 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
मैच की मुख्य पारी की बात करें तो अफगानिस्तान के लिए 188 रन का पीछा करते हुए गुरबाज ने 42 गेंदों पर 84 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 7 छक्के शामिल थे। वह तेज़ी से शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन केशव महाराज ने उन्हें जॉर्ज लिंडे के हाथों कैच करवा दिया।
गुरबाज के अलावा अफगानिस्तान के शीर्ष क्रम का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाया। इब्राहिम जादरान 12, गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह अटल शून्य पर आउट हुए, जबकि रसूली ने 15 और मोहम्मद नबी ने 5 रन बनाए।
अफगानिस्तान के मध्य और निचले क्रम ने थोड़ी जान डाल दी। अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 17 गेंद में 3 चौके लगाकर 22 रन बनाए, जबकि राशिद खान ने 12 गेंद में 20 रन बनाए। दसवें नंबर पर आए नूर अहमद ने 9 गेंदों में 2 छक्कों की मदद से 15 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया, लेकिन फजलहक फारुखी का रन आउट मैच को सुपर ओवर तक ले गया।
अफगानिस्तान 19.4 ओवर में 187 रन पर ऑल आउट हो गया। लुंगी एंगिडी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक 3 विकेट लिए। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 187 रन बनाए।
क्विंटन डिकॉक ने 41 गेंद में 3 छक्के और 5 चौकों की मदद से 59 रन, और रयान रिकल्टन ने 28 गेंद में 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से 61 रन की पारी खेली।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की बड़ी साझेदारी निभाई। इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 23, डेविड मिलर ने 20 और मार्को जानसेन ने 16 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान ने 2, फजलहक फारुखी ने 1 और अजमतुल्ला ओमरजाई ने 3 विकेट लिए।



