टी20 वर्ल्ड कप : जीत से शुरुआत, लेकिन टीम इंडिया में बीमारियों की चुनौती
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज तो जीत के साथ हुआ, मगर खिलाड़ियों का चोटिल और बीमार पड़ने का सिलसिला जारी है।
जसप्रीत बुमराह बीमार होने के कारण यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप का पहला मैच नहीं खेल पाए थे, वहीं अब खबर है कि टीम इंडिया का एक और खिलाड़ी बीमार पड़ गया है। यह खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि टीम इंडिया का धाकड़ ओपनर अभिषेक शर्मा है।
अभिषक शर्मा यूएसए के खिलाफ गोल्डन डक पर आउट हुए, इसके बाद वह मैदान पर दिखाई नहीं दिए। अभिषेक शर्मा ने एक भी ओवर फील्डिंग नहीं की, यहां तक वह मैच के बाद यूएसए के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने तक बाहर नहीं आए।
कप्तान सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। साथ ही सूर्या ने वॉशिंगटन सुंदर को लेकर एक गुड न्यूज दी है। उन्होंने मैच के बाद कहा, “बुमराह को मौसम की वजह से तेज बुखार था, अभिषेक की तबीयत भी खराब है।”

मोहम्मद सिराज ने बताया कि अभिषेक का पेट खराब था, लेकिन उन्होंने नामीबिया के खिलाफ अगले मैच में उनकी वापसी का भरोसा दिलाया। सिराज प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “सब ठीक है। उसका पेट थोड़ा खराब था, इसलिए वह फील्डिंग करने नहीं आया। वह अगले मैच में वापस आएगा और बल्ले से अपना जादू दिखाएगा।”
टीम इंडिया का अगला मैच 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि वॉशिंगटन सुंदर दिल्ली में भारतीय स्क्वॉड से जुड़ेंगे। पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में सूर्या ने कहा, “वॉशी (वॉशिंगटन सुंदर) दिल्ली में हमसे जुड़ रहे हैं। वह ठीक हैं। सब कुछ ठीक है।”



