हेटमायर-शेफर्ड शो के आगे स्कॉटलैंड ध्वस्त, वेस्टइंडीज ने 35 रन से जीता मुकाबला
टी20 विश्व कप
टी20 क्रिकेट में वेस्टइंडीज ने एक बार फिर दिखाया कि जब लय बनती है तो यह टीम कितनी खतरनाक हो सकती है। शिमरोन हेटमायर की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी और रोमारियो शेफर्ड के ऐतिहासिक गेंदबाजी प्रदर्शन से दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में स्कॉटलैंड को 35 रन से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पावरप्ले में टीम बिना विकेट गंवाए सिर्फ 33 रन ही जोड़ सकी। स्कॉटलैंड के स्पिन आक्रमण, जिसकी अगुवाई मार्क वाट कर रहे थे, ने शुरुआती ओवरों में रन गति पर पूरी तरह लगाम लगाए रखी।
10 ओवर के बाद वेस्टइंडीज का स्कोर दो विकेट पर 66 रन था, जो दबाव को साफ दर्शाता था। लेकिन यहीं से मैच का रुख बदला। बाएं हाथ के बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर ने स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया और मैदान के हर हिस्से में शॉट्स खेले। उन्होंने स्लॉग स्वीप, पुल और कवर के ऊपर से लगाए गए छक्कों से रन गति को तेजी से बढ़ाया।

हेटमायर ने महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 64 रन की तूफानी पारी खेली। हेटमायर को कप्तान रोवमैन पॉवेल (24 रन) का बेहतरीन साथ मिला। दोनों ने मिलकर सिर्फ 37 गेंदों में 81 रन की साझेदारी कर मैच को स्कॉटलैंड की पकड़ से पूरी तरह बाहर कर दिया।
11 से 15 ओवर के बीच वेस्टइंडीज ने 72 रन जोड़े और स्कोर 138 तक पहुंचा। अंत में टीम ने पांच विकेट पर 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हेटमायर की पारी का अंत ब्रैंडन मैकमुलेन के बाउंड्री पर लिए गए शानदार एक हाथ के कैच से हुआ।
लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटलैंड की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन टूर्नामेंट में खेलने की सूचना महज दो हफ्ते पहले मिलने का असर उनकी बल्लेबाजी में साफ नजर आया।
कप्तान रिची बेरिंग्टन ने 42 रन की तेज पारी खेली, जबकि टॉम ब्रूस ने 35 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर उम्मीद जगाई, लेकिन इसके टूटते ही स्कॉटलैंड की पारी लड़खड़ा गई।
इसके बाद मैदान संभाला रोमारियो शेफर्ड ने, जिन्होंने मैच को पूरी तरह वेस्टइंडीज की ओर मोड़ दिया। शेफर्ड ने तीन ओवर में सिर्फ 20 रन देकर पांच विकेट झटके और इस प्रारूप में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।
उन्होंने पांच गेंदों के भीतर चार विकेट चटकाए, जिसमें मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन के विकेटों के साथ हैट्रिक भी शामिल थी। यह शेफर्ड की चार महीने में दूसरी टी20 अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक है; इससे पहले वह अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
स्कॉटलैंड की टीम 18.5 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। जेसन होल्डर ने भी अहम योगदान देते हुए बेरिंग्टन को धीमी गेंद पर आउट कर अपने 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वेस्टइंडीज के पहले गेंदबाज बने। हेटमायर ने क्षेत्ररक्षण में भी चमक बिखेरी और कवर पर जॉर्ज मन्सी का एक हाथ से शानदार कैच लपका।
इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने 2022-23 में स्कॉटलैंड के खिलाफ मिली हार का बदला भी चुकता किया। नेपाल से हालिया हार के बाद यह एसोसिएट टीम के खिलाफ टी20 में वेस्टइंडीज की पहली जीत रही, जिसने उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दी।
स्कॉटलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था और शुरुआती 10 ओवरों तक गेंदबाजों ने इसे सही भी साबित किया। ब्रैंडन किंग ने 35 रन बनाए लेकिन संघर्ष करते नजर आए, जबकि कप्तान शाई होप (19) को माइकल लीस्क ने आउट किया।
पदार्पण कर रहे वामहस्त स्पिनर ओलिवर डेविडसन ने तीन ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया। ब्रैड करी स्कॉटलैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 23 रन देकर दो विकेट झटके।



