मजबूत लय में टीम इंडिया, लेकिन अमेरिका दे सकता है कड़ी चुनौती
भारत विश्व कप में अपने पहले मैच में शनिवार शाम 7 बजे से अमेरिका से खेलने उतरेगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम अच्छी लय में दिख रही है। खास बात यह है कि टीम ने 2024 विश्व कप के बाद एक भी टी-20 सीरीज नहीं हारी है।
ऐसे में इस बल्लेबाजों के पावर हाउस वाली टीम से भारतीय प्रशंसकों को काफी उम्मीद है। भारत का आज का मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैदान पर रनों की बारिश हो सकती है और स्कोर 200 से भी अधिक जा सकता है।
भारत की तुलना में अमेरिका सामान्य तौर पर हल्की टीम है और उसने विश्व क्रिकेट में अभी तक खासा परचम नहीं लहराया है, लेकिन वह बड़ा उलटफेर करने के लिए जानी जाती है। 2024 के विश्व कप में अमेरिका की टीम ने पाकिस्तान को हराया था।
भारत के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा था। उस मुकाबले में भारत के खिलाफ भी अमेरिका ने मुश्किलें पैदा कर दी थीं। भारत और अमेरिका के बीच अब तक 1 टी20 इंटरनेशनल मैच खेला गया है। टी20 वर्ल्डा कप 2024 के दौरान हुए इस मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 7 विकेट से हराया था।

पहले बल्लेेबाजी करने उतरी अमेरिका ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 110 रन बनाए थे, जिसे भारतीय टीम 19वें ओवर में चेज कर पाई थी। रोहित शर्मा ने 3 रन बनाए थे तो विराट कोहली का खाता तक नहीं खुला था। वहीं ऋषभ पंत 18 रन ही बना पाए थे। ऐसे में भारत को इस बार अमेरिका को हल्केत में लेने की गलती नहीं करनी चाहिए।
अपने पुराने मैच के स्कोरबोर्ड और प्रदर्शन को तो देखते हुए भारत को अमेरिका को एक बेहतर और मजबूत टीम के रूप में देखना ही चाहिए। साथ ही पिछले पांच मैचों में अमेरिका ने जो शानदार प्रदर्शन किया है उसके आधार पर भी दमदार टीम मानना चाहिए।
भारत ने अपने पांच मैचों में जहां चार में जीत दर्ज की है। वहीं, अमेरिका ने भी पांच में से चार मुकाबले जीते हैं। भारत टीम इस समय बहुत शानदार लय से गुजर रही है। अमेरिका भी बेहतर प्रदर्शन करके आ रही है। ऐसे में क्या बड़ी टीम के सामने अमेरिका के गेंदबाज और बल्लेबाज टिक पाएंगे यह एक बड़ा सवाल होगा।
दोनों टीमों के अपने पिछले 5 मैचों में प्रदर्शन
भारत- जीत, हार, जीत, जीत, जीत
अमेरिका- जीत, जीत, हार, जीत, जीत



