वार्मअप मैच जीत के बीच हर्षित राणा की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की चिंता
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने एकमात्र वार्मअप मैच में बड़ी जीत साउथ अफ्रीका के खिलाफ दर्ज की। सब कुछ भारतीय टीम के मुताबिक गया, एक चिंता की वजह भी भारत के लिए सामने आया, क्योंकि तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोटिल हो गए हैं।
नवी मुंबई में खेले गए वार्मअप मैच में हर्षित राणा गेंदबाजी के समय चोट से जूझते नजर आए थे। इस पेसर और टीम इंडिया के लिए ये बड़ा सेटबैक है, क्योंकि वे जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह का दमदार बैकअप थे।
बीसीसीआई ने अभी तक चोट की गंभीरता पर कोई ऑफिशियल अपडेट जारी नहीं किया है, लेकिन जल्द ही स्कैन होने की उम्मीद है। अगर हर्षित की चोट गंभीर है, तो वह पूरे टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो सकते हैं। 24 साल का ये पेसर बॉलिंग करते समय परेशानी में नजर आया था और मैदान से बाहर चला गया था।
एक ओवर ही उन्होंने गेंदबाजी की थी, जिसमें 16 रन दिए थे। दूसरा ओवर करने के लिए वे आए थे, लेकिन दो बार रनअप में उनको परेशानी हुई। कुछ देर बाद, राणा को बेचैनी में अपना घुटना पकड़े हुए देखा गया और फिर वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए।

हालांकि, हर्षित राणा की चोट की असल वजह अभी तक साफ नहीं है, लेकिन मैदान से बाहर जाते हुए उनके विजुअल्स ने पूरे भारत की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
भारत ने इस मैच में 240 रन बनाए थे और साउथ अफ्रीका की टीम भी 210 रनों तक पहुंच गई थी। भारत ने 30 रन से मैच जीता। टीम इंडिया के लिए वॉशिंगटन सुंदर पहले से ही चोटिल हैं, जिनके लौटने की डेट अभी कन्फर्म नहीं है। अब एक और इंजरी भारतीय टीम में देखने को मिली है। अब सवाल है कि अगर हर्षित राणा फिट नहीं होते हैं तो फिर कौन उनकी जगह टी20 विश्व कप 2026 में ले सकता है।
मौजूदा समय में कई नाम चर्चा में हैं, लेकिन सबसे ज्यादा दावेदारी मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और खलील अहमद की लग रही है, जो घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हो सकता है कि किसी अन्य पेसर पर भी भारतीय सिलेक्टर्स की नजर हो, लेकिन फिलहाल तो यही उम्मीद है कि हर्षित राणा की चोट गंभीर न हो।



