मीराबाई चानू की शानदार वापसी, 48 किग्रा वर्ग में 205 किग्रा वजन उठाकर बनाया नया रिकॉर्ड
ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू ने बुधवार को मोदीनगर में राष्ट्रीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2026 में अपने ही तीन नेशनल रिकॉर्ड तोड़ डाले। मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग का खिताब जीता और अपने ही तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किए।
कई बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता मीराबाई चानू ने कुल 205 किलोग्राम (स्नैच में 89 किलोग्राम, क्लीन एंव जर्क में 116 किलोग्राम) वजन उठाया, जिससे उन्होंने स्नैच, क्लीन एंव जर्क और कुल प्रयास में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए।
चानू ने स्वर्ण पदक जीतने के बाद एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, ”बहुत खुश हूं। इस प्रदर्शन से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। पहले मैं 49 किलोग्राम वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही थी, 48 किलोग्राम वर्ग में यह नतीजा हासिल करना बहुत बड़ी बात है।”
उन्होंने आगे कहा, ”मुझे उम्मीद है कि अगली प्रतियोगिता में मैं 90 किलोग्राम का आंकड़ा पार कर लूंगी। आज भी मैंने कोशिश की थी, लेकिन मेरी ठीक से ट्रेनिंग नहीं हुई थी, इसलिए मैं ऐसा नहीं कर पाई, लेकिन एक बार जब ट्रेनिंग पूरी रफ्तार से शुरू हो जाएगी तो मुझे यकीन है कि मैं 90 किलोग्राम वजन उठा लूंगी।”

पिछले एक दशक में मीराबाई चानू भारत की सबसे ज्यादा पदक जीतने वाली भारोत्तोलक रही हैं, लेकिन उन्होंने 2020 और 2021 के बाद से स्नैच और क्लीन एंव जर्क में अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बेहतर नहीं किया था।
इसलिए बुधवार का प्रदर्शन उनकी प्रगति का संकेत देता है। चानू एक व्यस्त सत्र के लिए तैयार हो रही हैं जो अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप से शुरू होगा जिसके बाद राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप होंगी।
चानू ने कहा, ”व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार करना मेरे आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा तकनीक और ट्रेनिंग का आकलन करने के लिए थी कि यह काम कर रही है या नहीं। ” उन्होंने 49 किलोग्राम वर्ग में 2020 राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाए गए पिछले व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्नैच रिकॉर्ड 88 किलोग्राम से बेहतर प्रदर्शन किया।
पिछले कुछ साल में मणिपुर की इस छोटी कद की भारोत्तोलक ने बार-बार 90 किग्रा की बाधा को पार करने की कोशिश की है और बहुत करीब आकर चूक गईं।
बुधवार को भी उन्होंने अंतिम प्रयास में 91 किलोग्राम उठाने की कोशिश की लेकिन संतुलन नहीं बना पाईं। क्लीन एंव जर्क में भी चानू ने 112 और 116 किलोग्राम का वजन उठाया लेकिन आखिरी कोशिश में 120 किलोग्राम को नहीं उठा पाईं।
चानू ने 2021 एशियाई चैंपियनशिप में क्लीन एंव जर्क में 119 किलोग्राम से विश्व रिकॉर्ड बनाया था। अखिल भारतीय पुलिस की राधा सोनी ने 183 किलोग्राम (79 और 104 किलोग्राम) और रेलवे की कोमल कोहर ने 182 किलोग्राम (79 और 103 किलोग्राम) वजन उठाकर क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।



