Trending

टी-20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया फेवरेट, लेकिन धोनी को सता रही है ‘ओस’ की चिंता

डिफेंडिंग विजेता टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान का आगाज शनिवार को मुंबई के वानखेड़े मैदान में अमेरिका के खिलाफ करेगी। टीम जबरदस्त फॉर्म में है और खिताब की रक्षा के लिए वर्ल्ड कप में बहुत ही आत्मविश्वास और जोश के साथ उतरने जा रही है। वह टी20 में पिछले 9 द्विपक्षीय सीरीज से अजेय रही है।

इस बीच पहले ही टी20 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम को हर डिपार्टमेंट में परफेक्ट बताया है। हालांकि उन्होंने विश्व कप को लेकर एक बड़ी चिंता जताई है जो टीम इंडिया के खिलाफ जा सकती है।

मशहूर क्रिकेट प्रजेंटर जतिन सप्रू के साथ ‘माही अनप्लग्ड’ कार्यक्रम में उन्होंने वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया को फैवरिट बताया। उन्होंने कहा, ‘यह सबसे खतरनाक टीमों में से एक है। आप जातने हैं कि वे पहले ही शुरुआत कर चुके हैं, चाहें बैटिंग हो या बोलिंग।

आपको आखिरकार एक अच्छी टीम की जरूरत होती है और वो सब कुछ यहां है। उनके पास अनुभव है। खासकर जब इस फॉर्मेट की बात आती है तो उनके पास जबरदस्त अनुभव है।’ माही ने आगे कहा, ‘वे दबाव में खेल चुके हैं। जो भी खेल रहे हैं और टीम में वे जिस किसी भी भूमिका में खेल रहे हैं वे ठीक ठाक समय से ऐसे हालात में खेल रहे हैं।’

साभार : गूगल

हालांकि धोनी ने विश्व कप से पहले अपनी एक बड़ी चिंता का इजहार किया। उन्होंने कहा, ‘मैं एक बात को लेकर चिंतित हूं, मुझे ओस नापसंद है। ओस बहुत सारी चीजों को बदल देती है।

इसलिए जब मैं भी खेलता था तो मुझे ये बहुत डराती थी। जब भी ओस होती थी तो टॉस की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती थी। अगर हम कुछ बेस्ट टीमों के खिलाफ 10 मैच खेलें और स्थितियां एक जैसी हों तो हम उनमें से ज्यादातर बार विजेता रहेंगे।’

टी20 क्रिकेट की अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए धोनी ने कहा, ‘समस्या तब आती है जब आपके कुछ खिलाड़ियों का कोई दिन खराब हो और विपक्षी टीम में से किसी का वो शानदार दिन हो। और ये टी20 क्रिकेट में हो सकता है।

ये लीग स्टेज में हो सकता है, नॉकआउट स्टेज में हो सकता है और यही पर दुआओं की जरूरत होती है। कोई घायल नहीं होना चाहिए। जो भी भूमिका दी जाए, लोग टीम के लिए अपनी उस भूमिका को बखूबी निभाएं।’ टीम इंडिया वर्ल्ड कप में लगातार 9 द्विपक्षीय सीरीज जीतकर बुलंद हौसले के साथ प्रवेश कर रही है।

सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम ने हाल ही में न्यूजीलैंड को 5 मैच की सीरीज में 4-1 से शिकस्त दी है। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी फॉर्म में आ चुके हैं। उनके अलावा सीरीज में अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी जबरदस्त प्रदर्शन दिखाया था।

Related Articles

Back to top button