ओलंपिक की राह दिल्ली से : एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में आठ कोटा
भारत की निशानेबाजी को वैश्विक मंच पर बड़ी पहचान मिलने जा रही है। अगले साल दिल्ली में होने वाली एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल) न सिर्फ एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन होगी, बल्कि यह 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए आठ कोटा स्थानों का भी फैसला करेगी।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि भारत पहले ही एक अन्य ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता की मेजबानी हासिल कर चुका है।
एशियाई प्रतियोगिता में मिलने वाले आठ ओलंपिक कोटा, अगले वर्ष 21 से 30 अप्रैल तक दिल्ली में होने वाले आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में उपलब्ध 12 कोटा स्थानों के अतिरिक्त होंगे। यानी भारत को अपने घरेलू मैदान पर ओलंपिक के लिए कुल 20 कोटा स्थानों पर निशाना साधने का सुनहरा मौका मिलेगा।
एशियाई निशानेबाजी परिसंघ ने भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष कलिकेश सिंह देव को भेजे पत्र में 2027 एशियाई राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप की मेजबानी की आधिकारिक पुष्टि की है। एनआरएआई ने बताया कि प्रतियोगिता दिल्ली में आयोजित होगी और इसकी तिथियों को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।

पत्र में एशियाई निशानेबाजी परिसंघ ने कहा, “हम भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ को एशियाई राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप 2027 की मेजबानी हासिल करने पर बधाई देते हैं, जहां लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए आठ कोटा स्थान वितरित किए जाएंगे।”
पत्र में यह भी कहा गया है कि परिसंघ को पूरा भरोसा है कि एनआरएआई के नेतृत्व में यह चैंपियनशिप उच्चतम मानकों के अनुरूप आयोजित होगी और एक सफल प्रतियोगिता साबित होगी।
एनआरएआई महासचिव पवनकुमार ने एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, “यह ऐतिहासिक अवसर होगा, जब भारत दो ओलंपिक कोटा प्रतियोगिताओं की मेजबानी करेगा और हमें इस पर बहुत गर्व है। हम नई दिल्ली के करणी सिंह रेंज में 21 से 30 अप्रैल तक आईएसएसएफ विश्व कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन और राइफल एवं पिस्टल में एशियाई चैंपियनशिप की मेजबानी करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि एशियाई चैंपियनशिप की तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ द्वारा भारत पर जताया गया भरोसा देश में निशानेबाजी के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।
एनआरएआई नेतृत्व को उम्मीद है कि भारतीय निशानेबाज घरेलू परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाते हुए अधिकतम कोटा स्थान हासिल करेंगे। आईएसएसएफ ने पेरिस ओलंपिक चक्र के दौरान विश्व कप में ओलंपिक क्वालीफिकेशन कोटा नहीं देने का फैसला किया था, लेकिन लॉस एंजिल्स ओलंपिक चक्र के लिए फिर से कोटा स्थान देने की व्यवस्था की है। सिंह ने कहा, “हमें उम्मीद है कि भारतीय निशानेबाज इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे।
हमारा लक्ष्य देश के लिए आवंटित सभी 24 कोटा स्थान हासिल करना है, जो पेरिस ओलंपिक के लिए मिले 22 कोटा स्थानों से अधिक होगा।” दिल्ली में बुधवार से इस वर्ष की एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप (राइफल/पिस्टल) की शुरुआत होगी, जिसमें जूनियर और सीनियर वर्ग में 20 देशों के 300 से अधिक निशानेबाज हिस्सा लेंगे।



