अंडर-19 वर्ल्ड कप : पाकिस्तान को रौंदकर भारत सेमीफाइनल में, अफगानिस्तान से होगी टक्कर
भारत ने रविवार को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली टीम ने पाकिस्तान को आखिरी सुपर सुक्स मुकाबले में 58 रनों से रौंदा। भारत ने बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में 253 का टारगेट देने के बाद पाकिस्तान को 46.2 ओवर में 194 रनों पर ढेर कर दिया।
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 33.3 ओवर में जीत हासिल करनी थी लेकिन भारत ने उसका सपना पूरा नहीं होने दिया। भारत सेमीफाइनल का टिकट काटने वाली चौथी टीम है। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अफगानिस्तान ने ऐसा किया।
भारत की अब 4 फरवरी को दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ंत होगी। यह मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारतीय समयानुसार दोपहर एक बजे शुरू होगा। वहीं, टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन फरवरी को बुलावायो में खेला जाएगा।
सुपर सिक्स राउंड में भारत ग्रुप-2 में शीर्ष पर रहा। भारत के खाते में 8 अंक हैं। आयुष ब्रिगेड ने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया।

वहीं, इंग्लैंड आठ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत का नेट रनरेट (+2.620) इंग्लैंड से बेहतर (+1.757) रहा। ग्रुप-1 में ऑस्ट्रेलिया आठ अंकों के साथ टॉप पर रहा। अफगानिस्तान के खाते में छह अंक हैं।
मैच की बात करें पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक रन उस्मान खान ने बनाए। उन्होंने 66 रन बटोरे। ओपनर हमजा जहूर के बल्ले से 42 रन निकले। कप्तान फरहान यूसुफ ने 38 रन जुटाए। समीर मिन्हास (9) और अहमद हुसैन (2) समेत पाकिस्तान के छह खिलाड़ी दहाई अंक में नहीं पहुंचे।
भारत से खिलन पटेल और कप्तान आयुष ने तीन-तीन शिकार किए। कनिष्क चौहान, आरएस अंबरीश, हेनिल पटेल और विहान मल्होत्रा को एक-एक विकेट मिला। भारत ने टॉस गंवाने के बाद चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 49.5 ओवर में 252 रन बनाए।
वैभव सूर्यवंशी (30 रन) ने भारतीय टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन वह जीवनदान मिलने के बावजूद पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। कप्तान आयुष म्हात्रे (0) का युवा वनडे में खराब दौर जारी रहा और वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए।
वहीं, दूसरे सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज (16) बड़ी पारी नहीं खेल सके। विहान मल्होत्रा (21) ने 47 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद वेदांत त्रिवेदी के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला। वेदांत ने 68 रनों की संयमित पारी खेली। ऑलराउंडर कनिष्क चौहान और खिलान पटेल के बीच आठवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी से भारत ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।



