टी20 वर्ल्ड कप : पाकिस्तान को खेलने की मंजूरी, लेकिन भारत से मैच का बहिष्कार
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर स्थिति साफ हो गई है। पाकिस्तान टीम को टूर्नामेंट में खेलने की आधिकारिक मंजूरी तो मिल गई है, लेकिन पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले से इनकार कर दिया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को ग्रुप-ए का हाई-वोल्टेज मुकाबला प्रस्तावित है, जो श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेला जाना है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में किया जाना है।
पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि सलमान अली आगा की कप्तानी वाली टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी, भले ही मैच भारत के बाहर आयोजित किया जा रहा हो।
रविवार को एक्स पर जारी एक आधिकारिक बयान में पाकिस्तान सरकार ने कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी वर्ल्ड टी20 2026 में भाग लेने की अनुमति देती है।
पाकिस्तान टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में हिस्सा नहीं लेगी।” भारत के खिलाफ मैच से इनकार करने का फैसला पाकिस्तान सरकार ने लिया है।

दरअसल, इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से मना कर दिया था और अपने मैचों को बाहर शिफ्ट करने की मांग की थी। आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग खारिज कर दी, जिसके बाद उसने टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी। अंततः आईसीसी ने बांग्लादेश को बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया।
इस पूरे विवाद में पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन किया था और टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने की चेतावनी दी थी। जब आईसीसी ने इस पर कोई नरमी नहीं दिखाई, तो पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला ले लिया।

भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलने से पाकिस्तान को सीधा नुकसान उठाना पड़ सकता है। मैच नहीं खेलने की स्थिति में भारत को दो अंक मिलेंगे, जबकि पाकिस्तान की टीम को ग्रुप स्टेज में भारी झटका लगेगा। कुल मिलाकर, पाकिस्तान की यह रणनीति क्रिकेट से ज्यादा राजनीतिक मानी जा रही है, जिसका खामियाजा उसकी अपनी टीम को भुगतना पड़ सकता है।



