Trending

डकवर्थ-लुईस पद्धति से वेस्टइंडीज ने तीसरे टी20 में हासिल की रोमांचक जीत

वेस्टइंडीज ने बारिश से प्रभावित तीसरे टी20 में दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुइस पद्धति के आधार पर छह रन से हराकर विश्व कप से पहले मनोबल बढ़ाने वाली जीत दर्ज की।

पहले दोनों मैच जीतने वाले दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह से तीन मैच की श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की। बारिश की वजह से मैच लगभग दो घंटे देर से शुरू हुआ और इसे दोनों टीमों के लिए 16-16 ओवरों का कर दिया गया।

वेस्ट इंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जब छह ओवर में एक विकेट पर 66 रन बनाए थे तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा और बाद में इसे दोनों टीमों के लिए 10-10 ओवरों का कर दिया गया। वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 114 रन बनाए। उसकी तरफ से कप्तान शाई होप ने 48 रन और शिमरोन हेटमायर ने नाबाद 48 रन का योगदान दिया। इन दोनों ने मिलकर 10 छक्के जड़े।

दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस पद्धति से 125 रन का लक्ष्य मिला लेकिन उसकी टीम छह विकेट पर 118 रन ही बना पाई। क्विंटन डीकॉक ने 28 और जैसन स्मिथ ने 26 रन बनाए। वेस्टइंडीज की तरफ से गुडाकेश मोती ने तीन विकेट लिए।

@ICC

भारत और श्रीलंका में हो रहे विश्व कप में वेस्टइंडीज शनिवार को कोलकाता में स्कॉटलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा। दक्षिण अफ्रीका इसके दो दिन बाद अहमदाबाद में कनाडा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा।

Related Articles

Back to top button