भारत की बल्लेबाज़ी का तूफ़ान, सेंटनर बोले—घरेलू हालात में भारत को हराना नामुमकिन
मिचेल सेंटनर की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड को भारत के हाथों टी20 सीरीज में 1-4 से हार मिली। भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी सीरीज में गदर काटा और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की एक नहीं चलने दी।
भारत ने पांचवे टी20 में 271 रन बनाया और न्यूजीलैंड को 46 रनों से रौंदा। डिफेंडिंग विजेता भारत ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप की तैयारी पुख्ता कर ली है लेकिन सीरीज में बुरी तरह हार झेलने से सेंटनर की रूह कांप गई।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को घर में हराना बहुत मुश्किल है, क्योंकि उसे यहां की परिस्थितियां बखूबी मालूम हैं। सेंटनर ने पांचवे मैच के बाद कहा, ”पूरी सीरीज को देखें तो हमने बहुत सारी सकारात्मक बातें सीखी हैं।
भारत एक बहुत अच्छी टीम है। मैंने यह बात शुरू में ही कही थी। भारत को इन परिस्थितियों में हराना बहुत मुश्किल है। हम भारतीय बॉलर्स के लिए थोड़ी मुश्किलें खड़ी कीं (हंसते हुए), लेकिन कुल मिलाकर यह एंटरटेनिंग सीरीज रही।

जब आपको पूरी सीरीज में चैलेंज मिलता है तो यह हमेशा अच्छी बात होती है। गेंदबाजों और बल्लेबाजों पर प्रेशर पड़ता है और आप उससे सीखते हैं। इस नजरिए से यह हमारे लिए वाकई एक अच्छी सीरीज रही है। रिजल्ट हमारे पक्ष में भले ही नहीं रहे लेकिन हर एक मैच से कुछ न कुछ सीखने को मिला।”
कीवी टीम आठ फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप में अपना अभियान शुरू करेगी। न्यूजीलैंड ग्रुप डी का हिस्सा है, जिसमें अफगानिस्तान, साउथ अफ्रीका, कनाडा और यूएई हैं। भारत और श्रीलंका टूर्नामेंट के संयुक्त मेजबान हैं।
न्यूजीलैंड को अपने मैच भारतीय सरजमीं पर खेलने हैं। जब सेंटनर से पूछा गया कि आने वाले वर्ल्ड कप को लेकर क्या सीख मिली तो कप्तान ने कहा, ”यह आसान नहीं है।
एक बॉलिंग यूनिट के तौर पर हमें बहुत अच्छे बल्लेबाजों के खिलाफ तरीके खोजने होंगे, जो बाउंड्री और छक्के लगाते हैं। बड़े ओवर देने से बचना होगा, खासकर सपाट पिचों पर। ऐसी पिचों पर 230 का लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है।”



