पिछले वर्ष भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में 73% की बढोत्तरी हुई : संयुक्त राष्ट्र

राघवेंद्र प्रताप सिंह: संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि भारत में वर्ष 2025 में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 73 प्रतिशत बढ़कर 47 अरब अमरीकी डॉलर हो गया है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार यह वृद्धि उन नीतियों के कारण हुई है जिनका उद्देश्य देश को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के साथ जोड़ना तथा सेवा और विनिर्माण क्षेत्र में भारी निवेश करना है।
संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सम्मेलन की ओर से जारी वैश्विक निवेश रूझान निगरानी रिपोर्ट के अनुसार चीन में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में लगातार तीसरे वर्ष गिरावट आई है और यह आठ प्रतिशत घटकर एक सौ सात अरब 50 करोड़ अमरीकी डॉलर पर आ गया। अमरीका में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश में दो प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
आपको बता दें कि व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (UNCTAD) संयुक्त राष्ट्र का एक स्थायी अंतरसरकारी निकाय है। इसकी स्थापना 1964 में हुई थी और इसका मुख्यालय जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड में है। इसका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, निवेश, वित्त और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से, विशेष रूप से विकासशील देशों में सतत् विकास को बढ़ावा देना है।
UNCTAD का कार्य चार मुख्य क्षेत्रों पर केंद्रित है:
व्यापार एवं विकास
निवेश एवं उद्यमिता
तकनीक एवं नवाचार
समष्टि अर्थशास्त्र और विकास नीतियाँ।



