उत्तर प्रदेश दिवस 2026: प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री योगी की चिट्ठी; विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता का दिया संदेश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए एक पत्र लिखा है जिसके माध्यम से विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराया है। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि असंख्य संभावनाओं वाला उत्तर प्रदेश संघर्ष और वंचितता की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमार राज्य से भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ कानून एवं सुशासन का राज स्थापित किया गया है। सत्ता के संरक्षण में पनप रहे माफियाओं के भय के साम्राज्य का अंत कर विकास को गति दी गई। जो निवेशक कभी कानून व्यवस्था के नाम पर प्रदेश से दूरी बनाए रखते थे, आज वही उत्तर प्रदेश में निवेश की होड़ लगा रहे हैं।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की खाद्य सुरक्षा की रीढ़ बनकर उभरा है। बीज से बाजार तक की बेहतर व्यवस्था और रिकॉर्ड डीबीटी भुगतान से अन्नदाताओं की आय में वृद्धि हुई है। उद्योगों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे पलायन की पीड़ा कम हुई है और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।
सीएम योगी ने बताया कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से प्रदेश में एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, आईटी-सॉफ्टवेयर, एमएसएमई, औद्योगिक विकास, स्टार्टअप और एक जनपद–एक उत्पाद जैसी योजनाओं ने उत्तर प्रदेश को लोकल से ग्लोबल की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ाया है। इन पहलों से प्रदेश के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार सुनिश्चित हुआ है।
महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला भागीदारी में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। बेटियों के जन्म से लेकर विवाह तक सरकार आर्थिक सहायता सुनिश्चित कर रही है। निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के लिए पेंशन की व्यवस्था है। मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार और हेल्थ टेक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, थल और नभ की अभूतपूर्व कनेक्टिविटी ने व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई गति दी है। अयोध्या, काशी, मथुरा से लेकर संभल तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण की स्वर्णिम यात्रा लिखी जा रही है। आज प्रदेश के त्योहारों में स्वदेशी की चमक स्पष्ट दिखाई देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने जीरो पावर्टी लक्ष्य के साथ छह करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को बीमारू से ब्रेकिंग, फैसिलिटी डिफिसिट से फैसिलिटी सरप्लस और उपेक्षा से उत्सव की ओर अग्रसर किया है।
अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 24 जनवरी को हम उत्तर प्रदेश दिवस मना रहे हैं। यह विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को दोहराने का अवसर है। सभी के संयुक्त प्रयासों और संकल्प से सिद्धि की यह यात्रा निरंतर गतिशील बनी रहेगी। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को उत्तर प्रदेश दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।



