Trending

असमान उछाल ने बिगाड़ी बल्लेबाज़ी, एशवैल प्रिंस ने पिच को ठहराया जिम्मेदार

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजी कोच एशवैल प्रिंस ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन शुक्रवार को बल्लेबाजों की नाकामी के लिए ईडन गार्डंस की पिच से मिलने वाले असमान उछाल को कसूरवार ठहराया। जसप्रीत बुमराह के पांच विकेट से भारत ने साउथ अफ्रीका को दो सत्र में ही 159 रन पर आउट कर दिया।

दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने यशस्वी जायसवाल के विकेट के नुकसान पर 37 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। साउथ अफ्रीका के पास अभी भी 122 रनों की बढ़त है।

प्रिंस ने पहले दिन के खेल के बाद कहा, ‘‘शुरू में ही संकेत मिल गए थे कि पिच से उछाल असमान रहेगा। जब आपको लगता है कि बल्लेबाज 20-30 रन बनाकर आत्मविश्वास में इजाफा करेगा लेकिन यहां समान उछाल नहीं होने से बल्लेबाजों में वह आत्मविश्वास आया ही नहीं।’’

साभार : गूगल

उन्होंने कहा, ‘‘क्रीज पर एक घंटा बिताने के बाद भी आप वह भरोसा नहीं कर पाये जो करना चाहिए था।’’ प्रिंस ने कहा कि भारत के गेंदबाजों ने उन्हें सांस लेने का मौका भी नहीं दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण के सामने ऐसा ही होता है। उन्होंने सटीक जगहों पर गेंद डाली।’’ साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा पसली की चोट के कारण बाहर हैं और प्रिंस ने स्वीकार किया कि पहले दिन बुमराह की गेंदबाजी देखने के बाद अब रबाडा की कमी और खलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘रबाडा विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं। वह दुनिया के शीर्ष दो या तीन तेज गेंदबाजों में से है। हमने पहले दिन देखा कि एक और सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज ने इस पिच पर कितनी उम्दा गेंदबाजी की। हमें रबाडा की कमी निश्चित तौर पर खलेगी।’’

Related Articles

Back to top button