द इंडियन व्यू

हेलीकॉप्टर परिचालन के लिए प्राइवेट प्वाइंट-इन-स्पेस इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया को मंजूरी

नई दिल्ली : हेलीकॉप्टर परिचालन के लिए देश की प्रथम प्राइवेट प्वाइंट-इन-स्पेस (पिनएस) इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया को मंजूरी मिलने के साथ ही भारत ने विमानन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। इससे दूरस्थ,…

Ragwendra P Singh
July 2, 2026
3 min read
हेलीकॉप्टर परिचालन के लिए प्राइवेट प्वाइंट-इन-स्पेस इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया को मंजूरी

नई दिल्ली : हेलीकॉप्टर परिचालन के लिए देश की प्रथम प्राइवेट प्वाइंट-इन-स्पेस (पिनएस) इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया को मंजूरी मिलने के साथ ही भारत ने विमानन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर ली है। इससे दूरस्थ, दुर्गम एवं रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर परिचालन अधिक सुरक्षित होगा।

 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बुधवार रात घोषणा की कि देश की प्रथम प्राइवेट प्वाइंट-इन-स्पेस (पिनएस) इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया को उंडावल्ली हेलीपोर्ट पर हेलीकॉप्टर परिचालन के लिए मंजूरी प्रदान कर दी गई है।

 

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा विकसित तथा नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा अनुमोदित यह प्वाइंट-इन-स्पेस प्रक्रिया डीजीसीए के विनियमों तथा अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के मानकों एवं अनुशंसित प्रथाओं के अनुरूप तैयार की गई है। नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू पिनएस इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया को लागू करने की पहल के बारे में कहा, "भारत की पहली पिनएस इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया की शुरुआत हेलीकॉप्टर परिचालन के क्षेत्र में एक नए युग का आरंभ है। इससे उड़ान सुरक्षा, परिचालन दक्षता तथा हर तरह के मौसम में सुगम्यता की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

 

उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह ही हमने एक वाणिज्यिक विमान द्वारा देश के पहले स्वदेशी गगन -आधारित प्रिसिजन अप्रोच का सफल प्रदर्शन किया है। देश की पहली प्वाइंट-इन-स्पेस (पिनएस) इंस्ट्रूमेंट अप्रोच प्रक्रिया की शुरुआत इस यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि सरकार के उस विज़न को और सुदृढ़ करती है, जिसके तहत परफॉर्मेंस-बेस्ड नेविगेशन (पीबीएन) के माध्यम से विमानन अवसंरचना का आधुनिकीकरण, स्वदेशी उपग्रह-आधारित नेविगेशन प्रौद्योगिकियों के उपयोग का विस्तार तथा भारत के विमानन इकोसिस्टम को वैश्विक सर्वोत्तम मानकों के अनुरूप विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।"

 

उन्होंने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता देशभर में हेलीकॉप्टर परिचालन को अधिक विश्वसनीय और सुलभ बनाने के लिए आधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाना है। हमारा संकल्प भारत में प्रौद्योगिकी-संचालित तथा वैश्विक मानकों के अनुरूप हेलीकॉप्टर पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है।

 

नायडू ने कहा, "हाल ही में हमने उन्नत तकनीकी अवसंरचना के सहयोग से इस वर्ष की चारधाम हेलीकॉप्टर सेवा के प्रथम चरण का बिना किसी घटना के सफलतापूर्वक संचालन पूरा किया है।"

 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि इस मंजूरी से देशभर में इसी प्रकार की प्वाइंट-इन-स्पेस प्रक्रियाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, आपदा राहत अभियानों, पर्यटन, अपतटीय गतिविधियों, तीर्थयात्रा सेवाओं, कॉर्पोरेट विमानन तथा क्षेत्रीय संपर्क को महत्वपूर्ण लाभ मिलेगा। यह व्यवस्था दूरस्थ एवं रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स (आईएफआर) के तहत अधिक सुरक्षित हेलीकॉप्टर परिचालन को सक्षम बनाएगी, परिचालन की विश्वसनीयता में वृद्धि करेगी तथा प्रतिकूल मौसम के कारण होने वाले व्यवधानों को कम करेगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…