द इंडियन व्यू

फिल सॉल्ट का तूफानी अर्धशतक, आरसीबी आईपीएल फाइनल में

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट (नाबाद 56 रन) के अर्धशतक से गुरुवार को आईपीएल के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स को 10 ओवर रहते आठ विकेट से हराकर तीन जून को होने…

Ragwendra P Singh
May 29, 2025
4 min read
फिल सॉल्ट का तूफानी अर्धशतक, आरसीबी आईपीएल फाइनल में

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट (नाबाद 56 रन) के अर्धशतक से गुरुवार को आईपीएल के पहले क्वालीफायर में पंजाब किंग्स को 10 ओवर रहते आठ विकेट से हराकर तीन जून को होने वाले फाइनल में जगह बनाई।

BCCI

आईपीएल प्लेऑफ में यह बची हुई गेंद (60 गेंद) के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। आरसीबी ने चौथी दफा आईपीएल फाइनल में जगह बनाई। यह 2016 के बाद उसका पहला फाइनल होगा।

पंजाब किंग्स हारने के बावजूद फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा जो दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले एलिमिनेटर के विजेता से भिड़ेगी। आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए पंजाब किंग्स को 14.1 ओवर में 101 रन पर ढेर कर दिया।

सॉल्ट ने विराट कोहली (12) के साथ पहले विकेट के लिए 20 गेंद में 30 रन और मयंक अग्रवाल (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 गेंद में 54 रन जोड़कर आरसीबी को 10 ओवर में दो विकेट पर 106 रन बनाकर आसान जीत दिलाई।

BCCI

लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने पारी की दूसरी गेंद पर अर्शदीप सिंह पर चौका जड़ा और अगले ओवर में काइल जैमीसन की गेंद को सीमारेखा के पार कराया। सॉल्ट ने तीसरे ओवर में अर्शदीप पर एक चौका और डीप मिडविकेट पर एक छक्का जड़ा।

कोहली 12 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। वह चौथे ओवर में जेमीसन की गेंद पर बल्ला छुआकर विकेटकीपर जोश इंगलिस को कैच दे बैठे। सूयश शर्मा की जगह ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के तौर पर उतरे मयंक अग्रवाल को जैमीसन ने दबाव में लाने का प्रयास किया।

AFP/Getty Images

लेकिन दूसरे छोर पर खड़े सॉल्ट ने दमदार शॉट लगाकर टीम को आसानी से फाइनल में पहुंचने की ओर अग्रसर किया। पावरप्ले के अंतिम ओवर में सॉल्ट ने जैमीसन पर तीन चौके और एक छक्के से 21 रन जुटाए जिससे आरसीबी ने छह ओवर में एक विकेट पर 61 रन बना लिए।

सॉल्ट ने 23 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के से अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक भी है। कप्तान रजत पाटीदार (नाबाद 15 रन) ने 10वें ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई।

पंजाब किंग्स को अपने अति-आक्रामक रवैये का खामियाजा भुगतना पड़ा जिससे उसके सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके जिसमें मार्कस स्टाइनिस ने सर्वाधिक 26 रन बनाए।

आरसीबी के लिए जोश हेजलवुड (21 रन देकर तीन विकेट), भुवनेश्वर कुमार (17 रन देकर एक विकेट) और यश दयाल (26 रन देकर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी तिकड़ी ने पिच का पूरा फायदा उठाया जिसके बाद लेग स्पिनर सुयश शर्मा (17 रन देकर तीन विकेट) ने घरेलू टीम के लिए मुश्किल खड़ी की।

@RCBTweets

पंजाब किंग्स 2014 के बाद अपने पहले प्लेऑफ मुकाबले में खेल रही है। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य के दूसरे ही ओवर में आउट होने से पंजाब किंग्स के विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और 15वें ओवर तक पूरी टीम पवेलियन में थी।

प्रियांश गेंद को ड्राइव करने के प्रयास में दयाल की गेंद पर कवर पर कैच आउट हुए और उनके सलामी जोड़ीदार प्रभसिमरन सिंह (10 गेंद में 18 रन) अगले ओवर में भुवनेश्वर को विकेट दे बैठे। प्रभसिमरन दो चौके जड़ने के बाद तीसरी गेंद को स्वीप करने के लिए आगे बढ़े लेकिन बल्ला छुआकर विकेटकीपर के हाथों लपके गए।

इस सत्र में टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर दो गेंद ही खेल सके थे कि तीसरी गेंद पर हेजलवुड का शिकार हो गए। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज हेजलवुड ने फिर हमवतन जोश इंगलिस को आउट किया जिससे पंजाब किंग्स के ड्रेसिंग रूम में घबराहट का माहौल बन गया।

पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने आक्रामक शॉट लगाना जारी रखा जो उसकी पारी के पतन का कारण बना। मार्कस स्टोइनिस (17 गेंद में 26 रन) और शशांक सिंह जैसे बल्लेबाज लेग स्पिनर सुयश की गुगली को समझ नहीं सके और स्लॉग स्वीप करने के प्रयास में आउट हो गए।

मुशीर खान ने ‘इम्पैक्ट खिलाड़ी’ के रूप में आईपीएल में अप्रत्याशित पदार्पण किया लेकिन विकेटों की झड़ी के बीच सुयश की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में पवेलियन पहुंच गए।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।