समीर रिजवी के 39 गेंदों में 91 रन, कानपुर सुपरस्टार्स की शानदार जीत
कानपुर। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी की नाबाद 91 रन की तेज तर्रार पारी की बदौलत कानपुर सुपरस्टार्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के कानपुर चरण के तीसरे व लीग के 25वें मैच में…

कानपुर। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे समीर रिजवी की नाबाद 91 रन की तेज तर्रार पारी की बदौलत कानपुर सुपरस्टार्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के कानपुर चरण के तीसरे व लीग के 25वें मैच में नोएडा किंग्स को आठ विकेट से शिकस्त दी।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में बारिश और गीली आउटफील्ड के चलते यह मैच 12-12 ओवर का खेला गया। नोएडा किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में 6 विकेट पर 128 रन बनाए। जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने 10.4 ओवर मे दो विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।
नोएडा किंग्स को आठ विकेट से किया पराजित
मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान और कानपुर के आर्यनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, सोनभद्र क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजीज अहमद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी नोएडा के बल्लेबाजों ने तेजतर्रार अंदाज में रन जुटाए और निर्धारित ओवर में 6 विकेट पर 128 रन बनाए। टीम के कप्तान प्रशांत वीर ने 27 गेंदों पर नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और पांच छक्के लगाते हुए पारी के अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरे।

इससे पहले टीम को शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक ने सधी शुरुआत दिलाई दी। शोएब सिद्दीकी ने 10 गेंदों पर दो चौके व 2 छक्के से 20 रन की पारी खेली। शोएब तीसरे ओवर में अजय कुमार की गेंद पर विकेट के पीछे अभिषेक पाण्डेय को कैच थमा बैठे। फिर नियमित अंतराल में टीम के विकेट गिरते रहे।
अगले ओवर में रवि सिंह बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। माधव कौशिक ने 11 गेंदों पर एक चौके व 4 छक्के से 31 रन की पारी खेली। कानपुर से यशोवर्धन सिंह ने तीन ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अजय कुमार को दो विकेट मिले। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही ओर सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह (0) दूसरी ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। वहीं चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर प्रियांशु पाण्डेय (6) को प्रशांत वीर ने बोल्ड किया।

इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रुप में उतरे समीर रिजवी ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 39 गेंदों पर 11 चौके व पांच छक्के से नाबाद 91 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उनका साथ देते हुए अभिषेक पाण्डेय ने 17 गेंदों पर एक चौके व तीन छक्के से नाबाद 31 रन बनाए। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 43 गेंदों पर 93 रन की अजेय साझेदारी करते हुए टीम की जीत आसान कर दी।

कानपुर सुपरस्टार्स ने 10.4 ओवर में दो विकेट पर 130 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। घरेलू दर्शकों के सामने मैच जिताऊ पारी खेलने वाले समीर रिजवी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने न सिर्फ टीम को शानदार जीत दिलाई, बल्कि दबाव की स्थिति में धैर्य और सकारात्मक खेल का भी बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

सम्बंधित ख़बरें
मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में
दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री
मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।
स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त
प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे
भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
