विश्व ब्लिट्ज चैंपियनशिप: अर्जुन एरिगैसी ने मैग्नस कार्लसन को हराकर संयुक्त बढ़त हासिल की
शीर्ष भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने अपने मजबूत एंडगेम और त्वरित गणना करने के कौशल का शानदार नमूना पेश करते हुए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराकर विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप के पहले दिन संयुक्त…

शीर्ष भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने अपने मजबूत एंडगेम और त्वरित गणना करने के कौशल का शानदार नमूना पेश करते हुए विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराकर विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप के पहले दिन संयुक्त बढ़त हासिल की।
एरिगैसी ने एक अन्य शीर्ष ग्रैंडमास्टर नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव को भी हराया और तीन अन्य गेम ड्रॉ किए। इस तरह से एरिगैसी ने पहले दिन 10 अंक हासिल किए और वह मैक्सिम वाचियर लाग्रेव और अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं।
एरिगैसी ने शानदार खेल दिखाया जबकि कार्लसन को नौवें दौर में तनावपूर्ण एंडगेम में हार का सामना करना पड़ा। एरिगैसी के पास सिर्फ नौ सेकंड जबकि कार्लसन के पास तीन सेकंड बचे थे। नॉर्वे का खिलाड़ी जैसे ही रानी को चलने वाला था, मोहरा उनके हाथ से फिसलकर मेज से बाहर जा गिरा।
संयोग से तब अलेक्जेंडर ग्रिशुक वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने जल्दी से रास्ते से हटने की कोशिश की। जब तक कार्लसन ने अपनी रानी उठाई और उसे वापस बोर्ड पर रखा, तब तक उनका समय समाप्त हो चुका था।

कार्लसन अपना गुस्सा नहीं छिपा सके और उन्होंने मेज पर मुक्का मारकर उसे बुरी तरह हिला दिया, हालांकि एरिगैसी इससे अविचलित रहे। कार्लसन ने इसी साल नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता में भारत के डी गुकेश से हारने के बाद मेज पर इसी तरह से हाथ पटका था।
शीर्ष पर काबिज खिलाड़ियों से ठीक पीछे छह खिलाड़ी हैं जिनके समान 9.5 अंक हैं। विश्व ब्लिट्ज 2024 के सह-चैंपियन कार्लसन और इयान नेपोम्नियाची के संभावित 13 में से नौ अंक हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए मंगलवार को छह और राउंड खेले जाएंगे, जिसके बाद फाइनल होगा।
महिला वर्ग में दो बार की विश्व रैपिड चैंपियन कोनेरू हम्पी रविवार को रैपिड वर्ग में कांस्य पदक जीतने के दौरान दिखाए गए अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकीं और 10 राउंड के बाद संयुक्त रूप से 61वें स्थान पर खिसक गईं। उनका दिन पांच अंकों के साथ समाप्त हुआ, जहां उनके साथ चीन की ग्रैंडमास्टर टैन झोंगयी भी हैं।
महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख छह अंकों के साथ संयुक्त रूप से 30वें स्थान पर हैं जबकि ग्रैंडमास्टर डी हरिका और आर वैशाली के समान 5.5 अंक हैं।
महिला वर्ग में मंगलवार को पांच और राउंड खेले जाएंगे, जिनमें से शीर्ष चार खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचेंगे और उसके बाद फाइनल होगा।
सम्बंधित ख़बरें
अभिनेता नील नितिन मुकेश 29 नवंबर को एस.के. लखनऊ मैराथन में शामिल होकर बढ़ाएंगे धावकों का उत्साह
लखनऊ में 29 नवंबर को आयोजित होने जा रहे दूसरे एस.के. लखनऊ मैराथन 2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
लखनऊ में 29 नवंबर को ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण, फिटनेस के साथ ओलंपिक मूल्यों का दिया जाएगा संदेश
फिट इंडिया मूवमेंट के लोकप्रिय साप्ताहिक अभियान ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण रविवार, 29 नवंबर को देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
उन्नति-तन्वी ने एकल में कायम रखी भारतीय चुनौती, गायत्री-त्रिशा भी महिला युगल सेमीफाइनल में
पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट उन्नति हुड्डा व तन्वी शर्मा ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में एकल में भारतीय चुनौती कायम रखते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
मलेशिया को 6-2 से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत, दीपिका ने दागे दो गोल
भारत ने दीपिका के दो गोल से शुक्रवार को यहां मलेशिया को 6-2 से हराकर महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। एशियाई खेलों की विजेता भारतीय टीम ने एक बार फिर बेहतरीन प्रदर्शन किया और अपने छह में से पांच गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किए।
