द इंडियन व्यू

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बड़े नीतिगत बदलाव, अब विश्वविद्यालय आसानी से खरीद सकेंगे विशिष्ट शोध उपकरण

नई दिल्ली : देश में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने रविवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कई बड़े नीतिगत बदलावों की घोषणा की। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह…

Ragwendra P Singh
June 15, 2025
3 min read
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बड़े नीतिगत बदलाव, अब विश्वविद्यालय आसानी से खरीद सकेंगे विशिष्ट शोध उपकरण

नई दिल्ली : देश में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने रविवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में कई बड़े नीतिगत बदलावों की घोषणा की।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में प्रेस वार्ता के दौरान इन सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों और अकादमिक संस्थानों को लंबे समय से चली आ रही अड़चनों से राहत मिलेगी। डॉ. सिंह ने बताया कि अब विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और वैज्ञानिक संस्थानों के निदेशकों को यह अधिकार होगा कि वे विशिष्ट शोध उपकरणों की गैर-जीईएम माध्यम से भी खरीद कर सकें। पहले केवल सरकारी ई-मार्केटप्लेस से खरीद की अनिवार्यता थी, भले ही वहां आवश्यक वस्तु उपलब्ध न हो।

इसके अलावा, सामान्य वित्तीय नियमों में भी संशोधन किया गया है। अब प्रत्यक्ष खरीद की सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी गई है। विभागीय समितियों द्वारा की जाने वाली खरीद की सीमा एक लाख से दस लाख रुपये के स्थान पर अब दो लाख से पच्चीस लाख रुपये होगी। वहीं सीमित निविदा और खुली निविदा की सीमा पचास लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है। संस्थानों के प्रमुख अब दो सौ करोड़ रुपये तक की वैश्विक निविदाएं भी स्वीकृत कर सकेंगे।

डॉ. सिंह ने कहा, “हमने फाइलों के बोझ को कम करने का प्रयास किया है। यह विश्वास पर आधारित व्यवस्था है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह स्वतंत्रता जिम्मेदारी के साथ दी गई है और इसका उपयोग ईमानदारी से किया जाना चाहिए। डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि इन नीतियों से देश की नवाचार क्षमता को मजबूती मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान एक नवाचार-प्रेरित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे अंतरिक्ष और परमाणु क्षेत्र में उदारीकरण से सकारात्मक परिणाम सामने आए, वैसे ही अनुसंधान क्षेत्र में भी यह सुधार क्रांतिकारी सिद्ध होंगे।

यह सुधार प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय द्वारा आयोजित विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सामने आए हैं। देश के 13 आईआईटी और प्रमुख अनुसंधान संस्थानों की राय इन निर्णयों में शामिल की गई थी। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की एक हालिया रिपोर्ट और पीएसए कार्यालय की प्रस्तुति ने यह दिखाया कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए नियम किस प्रकार अनुसंधान में बाधा बन रहे थे। नई नीतियों से न केवल शोध कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि उपकरणों तक सरल पहुंच और युवाओं में शोध के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा। विशेष रूप से स्टार्टअप, युवा शोधकर्ता और छात्र इससे लाभान्वित होंगे, जो अब तक ढांचागत बाधाओं से जूझते रहे हैं। यह घोषणा सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों की श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस अवसर पर प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. ए. के. सूद, जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. राजेश एस. गोखले, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त सचिव सुनील कुमार तथा विभिन्न विभागों के वैज्ञानिक और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…