द इंडियन व्यू

योग और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी : मांडविया

नई दिल्ली : केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोगों से योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनने का अपना सपना पूरा करना है तो योग और…

Ragwendra P Singh
June 21, 2026
3 min read
योग और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी : मांडविया

नई दिल्ली : केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लोगों से योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनने का अपना सपना पूरा करना है तो योग और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।

 

नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मांडविया शामिल हुए। इस कार्यक्रम में अभिनेता एवं फिटनेस आइकन अक्षय कुमार भी उनके साथ शामिल हुए। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ द्वारा आयोजित सामूहिक योग सत्र के लिए स्टेडियम में लगभग 3,000 प्रतिभागी जुटे।

 

केंद्रीय मंत्री ने सामुदायिक भागीदारी के जरिए व्यवहारगत बदलाव और बीमारी से बचाव वाली स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतिभागियों के साथ बातचीत के दौरान खेल मंत्री ने अच्छी सेहत बनाए रखने और दैनिक जीवन में योग एवं साइकिल चलाने जैसी फिटनेस गतिविधियों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया।

 

अभिनेता अक्षय कुमार ने भी शारीरिक एवं मानसिक सेहत को बढ़ावा देने में योग के महत्व पर जोर दिया और लोगों को फिटनेस को अपनी नियमित आदत बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबोधन की लाइव-स्ट्रीमिंग और प्रसिद्ध योग एवं वेलनेस इंस्ट्रक्टर अनुष्का परवानी के नेतृत्व में ‘सामान्य योग अभ्यासक्रम’ का सत्र आयोजित किया गया। परवानी को ‘फिट इंडिया आइकन’ के रूप में सम्मानित भी किया गया। फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में योगदान के लिए अक्षय कुमार को भी ‘फिट इंडिया आइकन’ के रूप में सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर योगासन में भारत की उपलब्धियों को भी सराहा गया और अहमदाबाद में हाल ही में संपन्न हुई वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ‘फिट इंडिया चैंपियन’ के रूप में सम्मानित किया गया।

 

इस कार्यक्रम में खेल सचिव हरि रंजन राव, युवा कार्यक्रम की सचिव पल्लवी जैन गोविल, खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी तथा खेल जगत से जुड़े लोग शामिल हुए।

 

औपचारिक कार्यक्रम के बाद प्रतिभागियों ने योग से जुड़ी गतिविधियों, विशेषज्ञों की देखरेख में परामर्श सत्र और भारत की पारंपरिक फिटनेस पद्धतियों को दर्शाने वाले मल्लखंब के प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

 

देशभर में हुए इस आयोजन से ‘फिट इंडिया’, ‘माई भारत’ और ‘योगासन भारत’ जैसी प्रमुख पहलों के बीच बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए बेहतर आपसी तालमेल की झलक मिली।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

दिल्ली-NCR में सांसों की परीक्षा शुरू: 1 नवंबर से लागू होगा विंटर एक्शन प्लान, अगले 15 दिन होंगे निर्णायक

विंटर एक्शन प्लान के तहत प्रदूषण को कम करने के लिए कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अगर हवा की गुणवत्ता 'खराब' से 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचती है, तो ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सख्ती बढ़ा दी जाएगी। इसके तहत सबसे बड़ा कदम वाहनों पर उठाया जाएगा।

गन्ना-आधारित एथेनॉल पर रोक, मक्का प्रोत्साहन घटा; 2026-27 निविदा में सरकार का बड़ा फैसला

विवेक ओझा नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम में एक बड़ा नीतिगत बदलाव करते हुए 2026-27 आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हैवी मोलासेस से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर रोक लगा दी है।…

विदेशमंत्री ने कोलकाता भगदड़ पर दुख जताया

नई दिल्ली : विदेशमंत्री डॉ. एस जयशंकर ने रविवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के चोरबगान सार्वजनीन पूजा पंडाल में मची भगदड़ पर गहरा दुख जताया।डॉ जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कोलकाता में मची भगदड़ से गहरा दुख हुआ है।…

ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीद से हटाया टैरिफ, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?

विवेक ओझा नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर लगने वाले टैरिफ से छूट देने का बड़ा फैसला किया है। यह छूट 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026' के तहत दी…