द इंडियन व्यू

यूपी में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ी पहल: प्रदेशभर में संचालित नामचीन फूड चेन के आउटलेट्स में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश

Poonam Kumari
November 24, 2026
5 min read
यूपी में फूड सेफ्टी को लेकर बड़ी पहल: प्रदेशभर में संचालित नामचीन फूड चेन के आउटलेट्स में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश

पिज्जा हट, मैकडॉनल्ड्स, केएफसी और हल्दीराम समेत 16 बड़ी कंपनियों को आयुक्त, एफएसडीए की ओर से भेजा गया पत्र

स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और उपभोक्ताओं को अनिवार्य जानकारी देने पर जोर

पिज्जा बर्गर, फास्ट फूड, चाइनीज फूड, मिठाई, कैफे और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने वाली देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों के प्रमुखों को भेजा गया पत्र

प्रतिष्ठानों में पाई गई अनियमितताओं को दूर करने के साथ ही भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था विकसित करने का निर्देश

एफएसडीए ने "शुद्ध ही शुभ है" अभियान के तहत अब तक की 400 से अधिक फास्ट फूड इकाइयों की जांच, 16 प्रमुख कंपनियों के 140 से अधिक आउटलेट्स का निरीक्षण

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बड़ी फूड चेन और रेस्टोरेंट कंपनियों पर निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की सचिव एवं आयुक्त डॉ. रोशन जैकब की ओर से प्रदेश में संचालित 16 प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खाद्य कंपनियों के प्रबंध निदेशकों एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को पत्र भेजकर उनके प्रतिष्ठानों में पाई गई खाद्य सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने और निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल के दायरे में पिज्जा, बर्गर, फास्ट फूड, चाइनीज फूड, मिठाई, कैफे और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने वाली कंपनियां शामिल हैं। इनमें पिज्जा हट, मैकडॉनल्ड्स, बर्गर किंग, डॉमिनोज, केएफसी, सबवे, हल्दीराम, बीकानेरवाला और वॉव! मोमो जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं।

विभाग की ओर से जारी पत्रों में कंपनियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा निर्धारित स्वच्छता मानकों का अनुपालन अपने सभी आउटलेट्स में सुनिश्चित कराने को कहा गया है। साथ ही निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को दूर करने के साथ भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया है।

पांच प्रमुख क्षेत्रों में सुधार के निर्देश

आयुक्त की ओर से कंपनियों को मुख्य रूप से पांच क्षेत्रों में सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें प्रतिष्ठानों के परिसर, किचन और सर्विंग एरिया में साफ-सफाई, उचित ड्रेनेज तथा कीट एवं चूहों से बचाव की व्यवस्था शामिल है। खाना तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, बर्तनों और पैकेजिंग सामग्री की स्वच्छता के साथ कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई एवं हाइजीन प्रोटोकॉल का पालन भी अनिवार्य किया गया है। खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए तापमान नियंत्रित व्यवस्था विकसित करने, कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा क्रॉस कंटैमिनेशन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त मेन्यू कार्ड, सर्विंग एरिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खाद्य पदार्थों से संबंधित अनिवार्य जानकारियां एवं घोषणाएं प्रदर्शित करने तथा प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी आवश्यक प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने को कहा गया है।

16 कंपनियों के 140 से ज्यादा आउटलेट्स का निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्देशों के अनुपालन और जमीनी स्थिति की पड़ताल के लिए "शुद्ध ही शुभ है" अभियान के तहत प्रमुख फूड चेन के आउटलेट्स का निरीक्षण भी किया है। इसके तहत पिज्जा हट के 11, मैकडॉनल्ड्स के 10, बर्गर किंग के 15, ला पिनोज के 3, रोमिनस पिज्जा के 6, डॉमिनोज के 36, कैफे कॉफी डे के 3, पिंड बल्लूची के 3, द हेजलनट फैक्ट्री के 1, बार्बेक्यू नेशन के 6, सबवे के 7, देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड के 15, बर्गर सिंह के 4, हल्दीराम के 6, बीकानेर फूड्स के 12 और वॉव! मोमो के 5 आउटलेट्स समेत 140 से अधिक इकाइयों की जांच की गई है। इसके अलावा प्रदेशभर में अब तक 400 से अधिक फास्ट फूड इकाइयों का निरीक्षण किया जा चुका है।

केवल जांच नहीं, स्थायी सुधार पर जोर

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 26 के तहत खाद्य कारोबारकर्ताओं की जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना कंपनियों की जिम्मेदारी है। उन्हें अपने सभी संबंधित आउटलेट्स में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। यह पहल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि बड़ी फूड चेन के आउटलेट्स में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग भोजन करते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता और उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ा विषय है।

खाद्य सुरक्षा निर्देशिका के अनुपालन के निर्देश

विभाग की ओर से इन कंपनियों को संलग्न विस्तृत निर्देशिका के अनुरूप अपने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशिका में वैध FSSAI लाइसेंस, किचन की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, वेज-नॉनवेज भोजन का पृथक भंडारण, फूड ग्रेड पैकेजिंग, निर्धारित तापमान पर खाद्य पदार्थों का रखरखाव, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और नियमित पेस्ट कंट्रोल जैसे बिंदु शामिल हैं। एक्सपायर्ड सामग्री, दूषित भोजन, क्रॉस कंटैमिनेशन और असुरक्षित पानी के उपयोग पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश दिए गए हैं।

'शुद्ध ही शुभ है' अभियान को मिल रहा व्यापक सहयोग

प्रदेश में संचालित 'शुद्ध ही शुभ है' अभियान के तहत खाद्य कारोबारियों को जागरूक करने के साथ खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर लगातार जोर दिया जा रहा है। इस दौरान छोटे खाद्य प्रतिष्ठानों से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान वाली बड़ी फूड चेन तक को निगरानी के दायरे में लाया गया है। कई प्रतिष्ठानों में सुधार नोटिस जारी होने के बाद दोबारा किए गए निरीक्षण में गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी सुधार भी सामने आए हैं। विभाग की इस कार्रवाई का स्पष्ट संदेश है कि ब्रांड की पहचान या प्रतिष्ठान का आकार खाद्य सुरक्षा मानकों से छूट का आधार नहीं हो सकता। उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें