द इंडियन व्यू

मेरठ मावेरिक्स ने लगातार छठीं जीत के साथ प्ले-ऑफ में बनाई जगह

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच जीशान अंसारी (4/10) की धारदार फिरकी गेंदबाजी के बाद स्वास्तिक चिकारा (44 रन, 24 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) की आतिशी पारी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS…

Ragwendra P Singh
August 23, 2026
4 min read
मेरठ मावेरिक्स ने लगातार छठीं जीत के साथ प्ले-ऑफ में बनाई जगह

लखनऊ। मैन ऑफ द मैच जीशान अंसारी (4/10) की धारदार फिरकी गेंदबाजी के बाद स्वास्तिक चिकारा (44 रन, 24 गेंद, 4 चौके, 3 छक्के) की आतिशी पारी की बदौलत मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में गौर गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

इस धमाकेदार जीत के साथ मेरठ मावेरिक्स ने लीग में लगातार छठी जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका के शीर्ष पर रहकर प्ले-ऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेला जा रहा दिन का दूसरा मुकाबला बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण 8-8 ओवर का मैच खेला गया।

गौर गोरखपुर लायंस को 10 विकेट से दी करारी शिकस्त

गोरखपुर लायंस के दिए 92 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की टीम ने महज 6.4 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 92 रन बनाकर धमाकेदार जीत दर्ज की। मेरठ की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले जीशान अंसारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर मोहम्मद फहीम ने कहा कि यूपी टी-20 लीग में जिस तरह युवा और अनुभवी खिलाड़ी एक साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, उससे प्रदेश के क्रिकेटरों को काफी सीखने का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का माहौल और मजबूत होगा।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि हमारा प्रयास है कि यूपी टी-20 लीग को ऐसा मंच बनाया जाए, जहां प्रदेश के खिलाड़ियों को लगातार उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा मिले और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध हों। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य फैसल शेरवानी, अजीज खान व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। औपचारिक शुरुआत के बाद मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी गौर गोरखपुर लायंस को सलामी बल्लेबाजों अभय प्रताप सिंह और आर्यन चौधरी ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 44 रनों की साझेदारी से तेज शुरुआत दिलाई। अभय प्रताप सिंह ने 33 रन की आक्रामक पारी खेली। वहीं आर्यन चौधरी ने 15 रन बनाए। हालांकि गोरखपुर को चौथे ओवर में जीशान अंसारी ने दोहरा झटका दिया। जीशान ने चौथे ओवर में आर्यन चौधरी और सिद्धार्थ यादव (1) को आउट किया।

फिर अभय प्रताप सिंह विशाल चौधरी की गेंद पर विजय कुमार को कैच थमा बैठे। वहीं जीशान ने छठें ओवर में हरदीप सिंह (1) और कप्तान आर्यन जुयाल (11 रन, 4 गेंद, 1 चौका, 1 छक्का) को पवेलियन वापस भेजा। प्रिंस यादव 4 रन बनाकर कार्तिक त्यागी की गेंद पर रिंकू सिंह को कैच दे बैठे। गोरखपुर ने 6 विकेट पर 91 रन बनाए। मेरठ से लेग स्पिनर जीशान ने अपने 2 ओवर के स्पेल में केवल 10 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

जवाब में 92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स को सलामी बल्लेबाजों स्वास्तिक चिकारा और अक्षय दुबे ने तेज शुरुआत दिलाई। अक्षय दुबे ने 9 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 13 रन की पारी खेली और चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद उतरे कप्तान रिंकू सिंह ने स्वास्तिक चिकारा के साथ मिलकर आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा पेश किया और टीम को 8 गेंद शेष रहते ही जीत दिला दी।

स्वास्तिक चिकारा ने 24 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 44 रनों की विस्फोटक पारी खेली। वहीं कप्तान रिंकू सिंह ने ताबड़तोड़ शॉट लगाते हुए सिर्फ 7 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्कों से नाबाद 29 रन बनाए। गोरखपुर लायंस का कोई भी गेंदबाज मेरठ के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मान्यता प्राप्त पत्रकारों को हरा दूरदर्शन मीडिया कप के फाइनल में

दूरदर्शन एकादश ने बुधवार को मान्यताप्राप्त एकादश को पांच रनों से हराकर संतोष सूरी की याद में खेली जा रही इकाना कप मीडिया क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी दौर में जगह बना ली है। अब दूरदर्शन खिताब के लिए गुरुवार को पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया से दो-दो हाथ करेगी।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने बरकरार रखी जीत की लय, सेमीफाइनल में एंट्री

मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।